सांभर झील में प्रवासी पक्षी को मारने का प्रयास -वन विभाग ने दर्ज करवाया मुकदमा

विनय एक्सप्रेस समाचार, नागौर। सांभर झील क्षेत्र में शुक्रवार को प्रवासी पक्षी पैरेग्रीन फाल्कन को मारने का प्रयास किया गया। इस संबंध में नागौर वन विभाग की ओर से मुकदमा दर्ज करने के लिए पुलिस थाने में रिपोर्ट दी गई है।
उपवन संरक्षक नागौर ज्ञानचंद मकवाना ने बताया कि अज्ञात जीप ( आरजे 19 सीके 5140) चालक ने सांभर झील के शाकंभरी क्षेत्र में प्रवासी पक्षी पैरेग्रीन फाल्कन को मारने का प्रयास किया। इस घटना में प्रवासी पक्षी घायल हो गया। पक्षी विशेषज्ञ सुधीर गर्ग ने घायल पक्षी को संभालते हुए वन विभाग को सूचित किया। सूचना मिलने पर वन विभाग और वाइल्ड क्रिएचर ऑर्गेनाइजेशन के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। उपचार के बाद प्रवासी पक्षी उड़ गया। वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 और वन्य जीव के हरासमेंट एवं क्रूरता के तहत प्रवासी पक्षी को मारने का प्रयास करने वाले के खिलाफ कार्रवाई के लिए वन विभाग के रेंजर कुचामन द्वारा पुलिस थाने में रिपोर्ट दी गई है।
मकवाना ने बताया कि पुलिस द्वारा अज्ञात वाहन चालक को पकड़ने की कार्यवाही शुरू कर दी है और जिला पुलिस अधीक्षक ने वन विभाग को आश्वस्त किया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।