जिला कलेक्टर की संवेदनशीलता से कईयों को मिली राहत

पीयूष समारिया : जिला कलक्टर नागौर

विनय एक्सप्रेस समाचार, नागौर। राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर वृद्ध महिला घेवरी देवी द्वारा दर्ज करवाई गई परिवेदना सामने आई तो जिला कार्यालय से महिला के घर पर दुरभाष पर वार्ता कर प्रकरण की सम्पूर्ण जानकारी प्राप्त की गई तो महसूस हुआ कि महिला की समस्या का लम्बे समय से समाधान नहीं हो रहा है। तत्काल इस मामले को जन अभाव अभियोग एवं जिला सतर्कता समिति में दर्ज कर प्रकरण की जांच विकास अधिकारी पंचायत समिति मूण्डवा से करवाई गई मामले की गम्भीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर पीयुष समारिया ने पंचायत समिति, मूण्डवा विकास अधिकारी को सम्पूर्ण भुगतान शीघ्र दिलवाने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर के निर्देशों की पालना में विकास अधिकारी मनवीरसिंह बेनीवाल ने 22 माह का भुगतान राशि 22 हजार रूपये का चैक बनाकर जिला सतर्कता समिति को प्रस्तुत किया जो घेवरी देवी के पुत्र गौतमराम को शुक्रवार को जन अभाव अभियोग एवं जिला सतर्कता समिति की बैठक में दिया गया। साथ ही घेवरी देवी के पूर्व में वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत थी, जिसको घेवरी देवी के जन आधार से अपडेट करवाकर वृद्धावस्था पेंशन से बदलकर विधवा पेंशन की गई। जिससे घेवरी देवी को प्रतिमाह 1000 रूपये के स्थान पर अब 1500 रूपये प्रति माह मिलेंगे। यह जानकारी मिलने पर घेवरी देवी के पुत्र गौतमराम की खुशी का ठिकाना नहीं रहा तथा उन्होंने उपस्थित लोगो के मजमें में खुशी का इजहार कर जिला कलेक्टर पीयुष समारिया का आभार प्रकट किया।

योजनाओं, घोषणाओ, नीतियों का सफलतापूर्वक क्रियान्वन हो, इसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। राज्य के समस्त अधिकारी / कर्मचारी को शासन के सुचारू संचालन हेतु ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, श्रम एवं जवाबदेही का निर्वहन करते हुए आमजन को अधिक से अधिक राहत प्रदान करने हेतु सदैव तत्पर रहना अतिआवश्यक है। यह कहना है जिला कलेक्टर पीयुष समारिया का। नागौर जिला कलेक्टर पद पर कार्यग्रहण करते ही पीयूष समारिया का सबसे पहले यही कहना था कि दुखी और गरीब बेसहारा की समस्याओं/ दुख दर्दों का शीघ्र निस्तारण हो तथा सभी की यह भावना होनी चाहिए कि आमजन की समस्याओं का समाधान कैसे हो।


इसी आधार पर जिला कलेक्टर समारिया ने राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज परिवेदनाओं की समीक्षा की तो उनके ध्यान में अनेक शिकायतें सामने आई तो उन्होंने इन समस्याओं को गम्भीरता से लेते हुए जिला कार्यालय से प्रार्थियों के घर पर दुरभाष पर वार्ता कर सम्पूर्ण जानकारी ली तथा तत्काल इन मामलों को जन अभाव अभियोग एवं जिला सतर्कता समिति में दर्ज किया। जिसमें परबतसर निवासी सम्पतसिंह की पत्नि बसंती देवी व धर्माराम पुत्र कृपाराम माली के नाम शाश्वत लीज जारी करने का रिकॉर्ड भी निकलवाया गया। इसी प्रकार बैठक में बसंती देवी को जब शाश्वत लीज सुपूर्द की गई तो उनकी खुशी का ठिकाना नही रहा। अपनी इस समस्या का समाधान होने पर उन्होंने प्रसन्न होकर जिला कलेक्टर का आभार प्रकट किया।