जैसलमेर विधायक एवं जिला कलक्टर ने चार पाक विस्थापितों को दिए भारतीय नागरिकता प्रमाण पत्र

वर्षों बाद भारतीय नागरिकता प्राप्त कर खिल उठे लाभार्थियों के चेहरे, भारतीय नागरिकता के लिए तीव्र गति से कार्य करेगे – जिला कलक्टर

विनय एसप्रेस समाचार, जैसलमेर। पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता प्रदान करने के लिए गत तीन दिवस से लगाए गए शिविर के बाद चार पात्र पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता का हक प्राप्त हुआ है। जैसलमेर विधायक रूपाराम धनदे, जिला कलक्टर डॉ. प्रतिभा सिंह ने बुधवार को डीआरडीए सभा कक्ष जैसलमेर में आयोजित शिविर के दौरान 18 साल से रहने वाले पाक विस्थापित जीयाराम पुत्र हमीयोमल तथा श्रीमती खातू पत्नी जीयाराम हाल निवासी दवाडा को भारतीय नागरिकता का प्रमाण पत्र प्रदान किया, वहीं उन्होंने 13 साल से निवास कर रहे पाक विस्थापित कीनाजी पुत्र प्रेमा जी भील तथा श्रीमती सुमेरा पत्नी कीनाजी भील को भारतीय नागरिकता का प्रमाण पत्र प्रदान किया। ये हाल ही में गफर भट्टा जैसलमेर में निवासरत् है।

इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिसिंह मीना, वरिष्ठ शासन उप सचिव गृह विभाग शासन सचिवालय भवानी शंकर, सहायक शासन सचिव प्रेमराज फूलवारी, सीमांत लोक संगठन के अध्यक्ष हिन्दू सिंह सोढ़ा, सूचना आविज्ञान अधिकारी नवीन माथुर, वरिष्ठ सहायक न्यायिक शाखा भवानी सिंह, पूर्व पार्षद नाथूराम भील के साथ ही अच्छी संख्या में पाक विस्थापित पुरूष एवं महिलाएं उपस्थित थी।

जैसलमेर विधायक रूपाराम धनदे ने भारतीय नागरिकता प्राप्त करने वाले इन लोगों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि अब उन्हें केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का पूरा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के गृह विभाग के नियमों के तहत पाक विस्थापितों को नागरिकता प्रदान की जाती है, उसमें समय अवश्य लगता है, लेकिन ऐसी उम्मीद है कि पात्र लोगों को अवश्य ही समय पर नागरिकता मिलेगी।

उन्होंने कहा कि पाक विस्थापित जिन्हें नागरिकता मिल गई है, उनकों राज्य सरकार की ओर से मुरब्बे भी आवंटन हुए है एवं ऐसे लोगों के मुरब्बों पर डिग्गिया स्वीकृत करवाकर लाभ भी प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि जेठवाई रोड पर पाक विस्थापितों को आवासीय पट्टे भी दिए जाएगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एवं उनके यही प्रयास है कि पाक विस्थापितों की समस्याओं का हर सम्भव समाधान करेगे। उन्होंने यह भी आशा जताई कि उनकी हर समस्या के समधान के लिए वे पूरा सहयोग करेगे एवं ऐसे लोग अपनी समस्याओं को अवश्य ही बताएं।

जिला कलक्टर डॉ. प्रतिभा सिंह ने भी भारतीय नागरिकता प्राप्त करने वाले लोगों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि आज उन्हें बहुत बड़ा तोहफा एवं अधिकार मिला है। उन्होंने कहा कि पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता निर्धारित नियमों के तहत सम्पूर्ण कार्यवाही करते हुए प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आने वाले समय में ओर अधिक प्रयास कर ऐसे पात्र लोागों को भारतीय नागरिकता प्रदान करने में भरसक कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा भारतीय नागरिकता प्राप्त ऐसे लोगों को हर सम्भव सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। सीमांत लोक संगठन के अध्यक्ष हिन्दू सिंह सोढ़ा ने इस कार्य के लिए जिला प्रशासन एवं सचिवालय गृह विभाग से आए अधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि हमें पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता दिलाने में पूरी दिलचस्पी दिखानी होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि जैसलमेर विधायक पाक विस्थापितों की जो भी समस्या है, उसके समाधान के लिए पूरा प्रयास करेगे। उन्होंने पाक विस्थापितों की अन्य समस्याओं से भी अवगत कराया एवं इसका भी समधान राज्य स्तर से कराने की बात कही।

जीयाराम व उसकी पत्नी खातू को 18 साल बाद मिली नागरिकता

वर्ष 2004 से पाकिस्तान से आए जीयाराम व उसकी पत्नी श्रीमती खातू भील को 18 साल बाद भारतीय नागरिकता की सौगात मिली। जैसे ही पति-पत्नी ने भारतीय नागरिकता का प्रमाण पत्र अतिथियों के हाथों से प्राप्त किया तो उनके चेहरे खिल उठे एवं उन्होंने भारत माता की जय बोली।

         13 साल बाद कीनाजी एवं उसकी पत्नी श्रीमती सुमेरा को मिली भारतीय नागरिकता

वर्ष 2009 से पाकिस्तान से आने के बाद भारत में रहने वाले पाक विस्थापित हाल निवासी गफर भट्टा जैसलमेर कीनाजी पुत्र प्रेमाजी भील व उसकी धर्म पत्नी श्रीमती सुमेरा पत्नी कीनाजी को 13 साल बाद भारतीय नागरिकता का गौरव प्राप्त हुआ। इस जोड़े ने भी अतिथियों के हाथों भारतीय नागरिकता का प्रमाण पत्र प्राप्त किया तो उनकी खुशी का ठिकाना भी नहीं था। वास्तव में जैसे ही भारतीय नागरिकता की सौगात प्राप्त हुई तो मानो जैसे कि उन्हें बहुत बड़ा अधिकार मिला है।

इन परिवारों ने भारतीय नागरिकता प्रदान करने पर केन्द्र एवं राज्य सरकार के साथ ही जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन व सीआईडीबीआई का आभार जताया। साथ ही उन्होंने सीमांत लोक संगठन के अध्यक्ष हिन्दु सिंह सोढ़ा के प्रति भी तहेदिल से आभार जताया। उन्होंने मुक्तकण्ठों से इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि अब उन्हें आम भारतीय नागरिक की तरह हर योजना का अधिकार मिलेगा, वहीं उन्हें अच्छे जीवन जीने का अवसर भी प्राप्त होगा।