मुख्यमंत्री ने दी प्रस्ताव को मंजूरी उप तहसील भाद्राजून तहसील में क्रमोन्नत, नवीन उप तहसील रणजीतपुरा का भी सृजन

अशोक गहलोत, मुख्यमंत्री राजस्थान
विनय एक्सप्रेस समाचार, जयपुर। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने जालोर जिले की भाद्राजून उप-तहसील को तहसील में क्रमोन्नत करने तथा बीकानेर जिले की रणजीतपुरा को नवीन उप तहसील बनाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है।
speedo
श्री गहलोत के इस निर्णय से लोगों को स्थानीय स्तर पर ही राजस्व कार्यों के निस्तारण में सुगमता होगी। क्रमोन्नत तहसील भाद्राजून में 6 भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त, 23 पटवार मण्डल तथा 55 राजस्व ग्राम शामिल होंगे। साथ ही, नवीन उप तहसील रणजीतपुरा में 4 भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त, 14 पटवार मण्डल तथा 30 राजस्व ग्राम शामिल होंगे।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने वर्ष 2022-23 के बजट में प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण की दृष्टि से प्रदेश में प्रशासनिक इकाइयों के विस्तार संबंधी घोषणा की थी। मुख्यमंत्री ने नियमों में शिथिलता देते हुए यह स्वीकृति प्रदान की है।