तीन घंटे में 4 हादसे, महिला व बच्चे सहित 11 घायल; इलाज के लिए जोधपुर रेफर

विनय एक्सप्रेस न्यूज़ नागौर. शहर एवं इसके आस-पास के इलाकों में बुधवार को सुबह से शाम तक तीन-तीन घंटों के अंतराल में चार सड़क हादसे हुए। इनमें एक महिला व एक बच्चा सहित 11 जने घायल हो गए पुलिस के अनुसार पहला हादसा सुबह सात बजे कोतवाली थाना इलाके की बासनी पुलिया के नीचे हुआ। एक अज्ञात जीप चालक ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। इसमें साइकिल सवार लुहारपुरा निवासी जफर हुसैन घायल हो गया, जिसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। साईकिल सवार मजदूरी के लिए जा रहा था। तभी हादसा हुआ। इसके बाद दूसरा हादसा दोपहर बारह बजे मूंडवा चौराहे पर हुआ। एक बोलेरो जीप कैंपर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार बाप-बेटा व उनकी रिश्तेदार घायल हो गए। बाइक सवार रोल थाना इलाके के सोमणा निवासी हरजीराम व उसका बेटा कान्हाराम तथा उनकी रिश्तेदार मैना देवी घायल हो गई।

तीसरा हादसा श्रीबालाजी थाना इलाके के अलाय गांव के पास शाम चार बजे के आस-पास हुआ। दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में चार जने घायल हो गए। इनमें से एक मोटरसाइकिल पर अलाय निवासी मदन लाल विश्नोई था। जबकि दूसरी बाइक पर थेलांजू निवासी कालू लुहार व उसका भाणजा बबलू तथा उनकी बहन घायल हो गए। ये तीनों अपने गांव की तरफ जा रहे थे। तभी हादसा हो गया।

चौथा हादसा बीकानेर रोड पर शाम सात बजे हुआ। एक तेज गति से जा रहे ट्रक ने पहले तो एक कार को टक्कर मारी। जो अनियंत्रित होने के बाद सीधी एक जीप से जाकर भिड़ी। इससे जीप में सवार तीन जने घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर बड़ी संख्या में तमाशबीनों का जमावड़ा लग गया। इससे कुछ देर के यातायात जाम की समस्या भी बनी।

बाद में सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची और घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया गया। साथ ही हादसे में क्षतिग्रस्त वाहनों को मुख्य सड़क मार्ग से हटाने के लिए क्रेन की मदद भी ली गई। इसमें काफी समय भी लगा। पुलिस के अनुसार हादसे बीकानेर क पांचू थाना इलाके के लीलका निवासी नारायण, गोविंद तथा सुखाराम घायल हुए हैं। इनमें से नारायण व गोविंद की हालत गंभीर थी, जिन्हें रेफर कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार घायल यहां नागौर कलर लेने के लिए आए थे। जैसे ही हादसा हुआ तो जीप में रखा कलर फेल गया जो उनके पकड़ों एवं शरीर पर फेल गया।

Vinay Express
Author: Vinay Express