जैसलमेर – अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह समापन समारोह में महिला प्रतिभाओं का सम्मान, महिलाओं के उत्थान के लिए समर्पित एवं सार्थक प्रयासों का संकल्प व्यक्त

विनय एक्सप्रेस समाचार,जैसलमेर अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह का समापन समारोह सोमवार को जैसलमेर जिला मुख्यालय पर डीआरडीए सभागार में आयोजित किया गया। इस अवसर पर अतिथियों के रूप में अतिरिक्त जिला कलक्टर हरि सिंह मीना, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी डॉ. अर्चना व्यास, पुलिस उपाधीक्षक श्यामसुन्दर सिंह, महिला एवं बाल विकास विभाग के उप निदेशक सुभाष विश्नोई, महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक अशोक कुमार गोयल, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रामखिलाड़ी बैरवा, पीसीपीएनडीटी के जिला समन्वयक विक्रमसिंह आदि उपस्थित थे।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर हरि सिंह मीना ने महिलाओं को समानता के अधिकारों को जिक्र करते हुए कहा कि इसके लिए समर्पित प्रयास जरूरी हैं जिन्हें व्यवहार में लाना होगा।

अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. अर्चना व्यास ने महिला सशक्तिकरण के लिए मिलजुलकर प्रयास करने का आह्वान किया और कहा कि बालिकाओं एवं महिलाओं को स्वयं के स्तर पर जागरुक रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं में अपार क्षमताएं हैं लेकिन उन्हें निरन्तर प्रोत्साहन एवं सम्बलन की आवश्यकता है।

महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिभाओं का सम्मान

इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सेवाओं एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए मिस मूमल सुश्री लक्षिता सोनी, मधुलिका रतनू(राजस्थानी संगीत) तथा महिलाओं से संबंधित विषयों पर लेखन के लिए लेखिका रीना छंगानी को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह में बालिकाओं एवं महिलाओं के विकास की गतिविधियों में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग की साथिनों आशा कंवर (रायमला), सुभानी (छत्रेल) एवं गवरीकंवर (बड़ौड़ा गांव) को सम्मानित किया गया।

महिला विषयों की लेखिका श्रीमती रीना छंगानी ने बालिकाओं को उच्चतम लक्ष्य हासिल करने के लिए शिक्षा और हुनर विकास पर जोर दिया।

विभिन्न विभागों की महिला कार्मिकों का सम्मान

विभिन्न विभागों में सेवारत महिला कार्मिकों को महिलाओं के विकास तथा उत्थान की गतिविघियों मे उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इनमें शिक्षा विभाग की श्रीमती ममता चौधरी एवं श्रीमती श्याम कंवर, महिला कांस्टेबल सुनिता चौधरी ( मशहूर राजस्थानी गायिका) व विमला, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की डॉ. नमीम मंगलिया, एएनएम सुशीला चौधरी, रामसुखी एवं कमल फूल, जीएनएम श्वेता सिण्ड्रेला को सम्मानित किया गया।

नौ कार्मिकों को यशोदा सम्मान व पुरस्कार वितरण

समारोह में महिला एवं बाल विकास विभागीय 9 कार्मिकों को यशोदा सम्मान दिया गया। इनमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शायरा (दरबारी का गांव), सीमा बिस्सा (रामगढ़) एवं श्रीमती नाथू (प्रभुपुरा), सहायिका संतोष(जैसलमेर), श्रीमती जमना(सम) एवं श्रीमती जमाली (दरेशों की ढांणी) और आशा सहयोगिनी श्रीमती इमरती (भील बस्ती सांकड़ा), श्रीमती तकू देवी(सम भेलानी) तथा श्रीमती हाफीजा (हमीर नाड़ा) को प्रशस्ति पत्र एवं चैक वितरण किया गया।

समारोह में हैण्डबाल की राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी स्नेहा भाटी एवं बास्केटबाल की राज्यस्तरीय खिलाड़ी शालू को प्रतीक चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में विजेताओं को पुरस्कार वितरण

समारोह में राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित प्रतियोगिताओं में विजेता रहे प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इनमें श्रीमती किशनी देवी मगनीराम मोहता राबाउमावि में हुई पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम चंचल पंवार , द्वितीय ममता एवं तृतीय नेहा सेन तथा चाणक्य विद्यापीठ मूलसागर में हुई पोस्टर स्पर्धा में प्रथम संजू कुमारी, द्वितीय जस्सू भाटी एवं तृतीय स्वरूप भाटी को पुरस्कार प्रदान किए गए।

ऑनलाईन चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम साक्षी पुरोहित, द्वितीय निर्मला मीणा एवं तृतीय नीतू कंवर को पुरस्कार प्रदान किए गए। खो खो स्पर्धा में विजेता लक्ष्मीबाई दल, 100 मीटर दौड़ में प्रथम मुस्कान, द्वितीय पूजा तथा तृतीय रीना माली को पुरस्कार प्रदान किए गए।

मुखर हुआ महिला सशक्तिकरण का संदेश

इस दौरान हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम में सुनिता चौधरी, क्षिप्रा सोनी, रैना भाटिया एवं ऊर्मि भाटिया ने मनोहारी प्रस्तुतियों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।

समारोह का संचालन कार्यक्रम प्रभारी हनुवन्त सिंह एवं प्रियंका कोठारी ने किया। आभार प्रदर्शन की रस्म महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक अशोक कुमार गोयल ने अदा की।