मुख्यमंत्री ने दी स्वीकृति: मचकुण्ड तीर्थ एवं पुरानी छावनी का होगा जीर्णोद्धार

File Photo
विनय एक्सप्रेस समाचार, जयपुर। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने धौलपुर स्थित संरक्षित स्मारक मचकुण्ड तीर्थ एवं पुरानी छावनी के संपूर्ण संरक्षण एवं जीर्णोद्धार कार्यों के लिए 10.04 करोड़ रूपए की स्वीकृति दी है।
श्री गहलोत के इस निर्णय से धौलपुर जिले में पर्यटन तथा शहर के सौन्दर्यीकरण को बढ़ावा मिलेगा। इस स्वीकृति के बाद जगन्नाथ मंदिर का जीर्णोद्धार, मचकुण्ड के आस-पास खुले क्षेत्र में बागवानी, कुण्ड की मरम्मत, पार्किंग एरिया के निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्य करवाए जाएंगे। उक्त सभी जीर्णोद्धार कार्य पर्यटन विकास कोष से किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022-23 के बजट में पर्यटन को बढ़ावा देने की दृष्टि से 1000 करोड़ रूपए के पर्यटन विकास कोष का गठन किया गया है।
राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने की दृष्टि से निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार द्वारा पर्यटन को उद्योग का दर्जा भी दिया गया है। राज्य सरकार द्वारा पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राजस्थान की पुरानी हवेलियां, गढ़, किले, बावडियों, ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों आदि का पुनरूद्धार कार्य करवाया जा रहा है।