मुख्यमंत्री दिव्यांग स्कूटी वितरण कार्यक्रम अजमेर प्रभारी मंत्री ने की 120 स्कूटी वितरित

विनय एक्सप्रेस समाचार, जयपुर। जल संसाधन, इन्दिरा गांधी नहर परियोजना विभाग एवं अजमेर जिले के प्रभारी मंत्री श्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीया ने रविवार को वैशाली नगर स्थित बधिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित मुख्यमंत्री दिव्यांग स्कूटी वितरण कार्यक्रम में 120 दिव्यांगों को स्कूटी वितरित की।
प्रभारी मंत्री श्री महेन्द्र जीत सिंह मालवीया ने कहा कि दिव्यांगों को दैनिक जीवन में सामान्य व्यक्ति से अधिक संघर्ष करना पड़ता है। सरकार इनके संघर्ष को कम करने के लिए सदैव तत्पर है। मुख्यमंत्री  श्री अशोक गहलोत द्वारा घोषित मुख्यमंत्री दिव्यांग स्कूटी वितरण कार्यक्रम इसी दिशा में ही एक कार्य है। एक ही साल में 120 दिव्यांगों को स्कूटी देना अपने आप मेें एक रिकॉर्ड है। दिव्यांगों का चिन्हीकरण कर लाभान्वित करना पुण्य का कार्य है।
उन्होंने कहा कि इस योजना से लाभान्वित होने से दिव्यांगों का जीवन आनन्दित होगा। वे मुख्य धारा की रफ्तार के अनुसार चल पाएंगे। अपने व्यवसाय तथा कार्यक्षेत्र में अच्छी गुणवता के साथ कार्य कर सकेंगे। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने सभी दिव्यांगों को स्कूटी उपहार में दी है। बजट ने प्रत्येक वर्ग, क्षेत्र तथा राज्य को आगे लाने का कार्य किया है। उन्होंने राज्य का भुगोल बदल दिया है। नए जिले तथा संभाग बना कर प्रशासन को आमजन के और नजदीक पंहुचा दिया।
जिला कलक्टर श्री अंश दीप ने कहा कि राज्य में सबसे बडी संख्या में स्कूटी वितरण का कार्यक्रम आज अजमेर में हुआ। पहले के मुकाबले स्कूटी वितरण की संख्या बढ़ी है। इस प्रकार के कार्यक्रमों से दिव्यांगों को मिलने वाले अवसरों मेें वृद्धि होगी। वे सामान्य व्यक्ति की तरह कार्य करेंगे। बधिर विद्यालय दिव्यांगों को प्रशिक्षित कर बहेतर नागरिक तैयार कर रहा है। इसी प्रकार दिव्यांग क्षेत्र में कार्य करने वाली संस्थाओं को प्रयास करने चाहिए।
वरिष्ठ नागरिक कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री राजेश टण्डन ने नए जिले तथा संभाग बनाने पर खुशी जाहिर की। राजस्थान देश में समाज कल्याण के क्षेत्र मेंं अग्रणी है। सरकार प्रत्येक जरूरतमंद को राहत देने के लिए संकल्पबद्ध है। फ्लैशिप योजनाओं ने समाज के वंचित वर्ग को आगे लाने का कार्य किया है। श्री रवि तोषनीवाल ने बधिर उच्च माध्यमिक विद्यालय की गतिविधियों की जानकारी प्रदान की।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक श्री प्रफुल्ल चन्द चौबीसा ने कहा कि दिव्यांगों के प्रति संवेदनशीलता के कारण सरकार द्वारा दिव्यांगों को स्कूटी वितरित की गई।  इस कदम में इनकी चलन बाधिता खत्म होगी। कार्यक्रम में वितरित 120 स्कूटी में प्रत्येक की कीमत लगभग 86 हजार है। सरकार द्वारा दिव्यांगों को बीपीएल के समकक्ष माना गया है।
कार्यक्रम में बधिर विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा सांकेतिक भाषा में वन्दे मातरम को प्रस्तुत किया गया। उन्होंने प्रेरणा दायक विचारों से ओतप्रोत नाटिका का मंचन किया। इनका भावपूर्ण अभिनय और भाव भंगिताओं ने दर्शकों  को भाव विभोर कर दिया। प्रभारी मंत्री श्री मालवीया ने प्रधानाचार्य श्री संत कुमार, सीफार के श्री आनन्द मोटित परिविक्षा अधिकारी श्री इन्द्रजीत, कनिष्ठ सहायक श्री प्रकाश चन्द जांगिड़ को सम्मानित किया।
इस अवसर पुलिस अधीक्षक श्री चूना राम जाट, नगर निगम के आयुक्त श्री सुशील कुमार, पार्षद श्री हेमन्त जोधा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनुज पिंगोलिया, सीडीपीओ श्रीमती विमलेश डेटानी सहित जन प्रतिनिधि, स्वयं सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
दो दिवसीय महिला आर्ट प्रदर्शनी का उद्घाटन
पेंटिंग को निहारने से मानव शरीर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है –राठौड़
राजस्थान पर्यटन निगम के अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि पेंटिंग करने एवं पेंटिंग को निहारने से मानव शरीर में नव ऊर्जा का संचार होता है।  कला कलाकार के आनंद के स्नेह और प्रेम तथा आदर्श और यथार्थ को समन्वित करने वाले प्रभावोंत्पादक अभिव्यक्ति है। वास्तव में कला सुंदरता की अभिव्यक्ति है और समृद्धि की परिचायक है।
निगम अध्यक्ष आरटीडीसी में राजस्थान ललित कला अकादमी एवं सावित्रीबाई फुले राष्ट्रीय जागृति मंच द्वारा लगाई गई महिला पत्रकारों की दो दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि की हैसियत से संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि निवास स्थान एवं कार्यालय में पेंटिग लगाने पर वास्तु दोष दूर होता है एवं  सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान के यशस्वी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत लोक कलाओं कला एवं सस्कृति को बढ़ावा देने के लिए मार्च माह के अंतिम सप्ताह में राज्य भर में लोक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है जिसमें स्थानीय लोक कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मौका दिया जाएगा।
सावित्रीबाई फुले राष्ट्रीय जागृति मंच की सुनीता चौहान ने बताया कि राजस्थान ललित कला अकादमी के संयुक्त तत्वाधान में महिला दिवस पखवाड़े के अंतर्गत महिला चित्रकारों की प्रदर्शनी लगाई गई है। जिसका आरटीडीसी अध्यक्ष धमेर्ंद्र राठौड़ एवं ललित कला अकादमी के सदस्य ममता चौहान ने उद्घाटन किया प्रदर्शनी में अजमेर जिले की  महिलाओं द्वारा बनाई गई 60 से अधिक कलाकृतियां प्रदर्शित की गई है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल राष्ट्रीय चित्रकार डॉ.रमा गर्ग कलाविद श्रीराम जेंसवाल डॉ. अनुपम भटनागर डॉ.बीना पटेल डॉ. सविंदर सिंह चुग श्री पहलाद शर्मा श्री सचिन सखालकर डॉ. अर्चना डॉ.निहारिका राठौर डॉ. तिलक राज डॉ. ऋतु शिल्पी प्रमोद सिंह गीतांजलि वर्मा महेश चौहान अशोक बिंदल एडवोकेट सम्राट मामराज सेन हेमंत जोधा सहित बड़ी संख्या में चित्रकार एवं अजमेर के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
आरटीडीसी अध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र राठौड़ ने किया 55 लाख के विकास कार्यो का शिलान्यास
राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष श्री राठौड़ ने पुलिस लाईन क्षेत्र में 55 लाख की लागत के विकास कार्यो का शुभारम्भ किया।
आरटीडीसी अध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र राठौड़ ने कहा कि नगर निगम के वार्ड संख्या 65 में 55 लाख की लागत के विकास कार्यो का शिलान्यास किया गया। क्षेत्र में और भी विकास कार्य करवाए जाएंगे। सरकार द्वारा पेंशन की राशि में बढ़ोतरी कर 1000 रूपये किया गया है। सरकार के द्वारा किए गए कार्यो का लेखा जोखा जनता के पास है। गैस सिलेण्डर की रेट भी कम की है। पुष्कर सरोवर में गंदे पानी की जावक रोकी जा रही है। पुष्कर की चौबीस कोसी परिक्रमा का मार्ग विकसीत होगा। सरकार ने नए जिले तथा संभाग बनाए है। पुष्कर विकास प्राधिकरण का गठन होने से विकास को पंख लगेंगे।
पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि पुष्कर विकास प्राधिकरण बना कर विकास का रोड़ मेप तैयार किया। इससे पर्यटन बढेगा तथा क्षेत्र का विकास होगा। पार्षद श्री नौरत गुर्जर ने कहा कि क्षेत्र में और भी विकास कार्य करवाए जाएंगे। करोड़ों के कार्य होंगे। इससे आमजन को सुविधा मिलेगी। महादेव नगर, जवाहर नगर तथा बसन्त विहार के निवासियों ने पट्टे जारी करने की मांग रखी।
आरटीडीसी अध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र राठौड़ ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां
नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष में बताई प्राथमिकताएं
राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र राठौड़ ने मिडियाकर्मियों के साथ वार्तालाप में राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाई। साथ ही नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष सुश्री द्रोपदी ने अपनी प्राथमिकताओं की जानकारी दी।
आरटीडीसी अध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र राठौड़ ने कहा कि लोकतन्त्र में पक्ष और विपक्ष की अपनी भूमिका होती है। नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष सुश्री द्रोपदी द्वारा विपक्ष की सशक्त भूमिका निभाई जाएगी। लोकतन्त्र को सुदृढ करने में सभी का योगदान रहेगा। यह बात उन्होंने रविवार को मिडियाकर्मियों के साथ चर्चा करते हुए कही। उन्होंने सरकार के द्वारा किए गए कार्यो के बारे में भी जानकारी दी। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत द्वारा ऐतिहासिक सौगातें दी गई है। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में 25 लाख तक का निःशुल्क उपचार एवं 10 लाख का दुर्घटना बीमा किया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन का दायरा तथा राशि दोनो में अभूतपूर्व वृद्धि की है।सरकार द्वारा समस्त घोषणाएं लागू की जाएगी। ओपीएस का लाभ मिलना आरम्भ हो गया है। पिछले बजट की घोषणाओं का कार्य धरातल पर नजर आने लगा है। पुष्कर सरोवर में गंदे पानी का जाना रोकने के लिए कार्य आरम्भ हो गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गौ वंश को बारह महिनों का अनुदान दिया जा रहा है। किसानों का कर्जा माफ किया है। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने 19 जिले तथा 2 संभाग बनाए है। सरकार ने प्रत्येक वर्ग की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कार्य किया है। भविष्य में भी इसी प्रकार आमजन को केन्द्र में रखकर कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पुष्कर में विकास प्राधिकरण के गठन की घोषणा क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाईयां देगा। पुष्कर की 24 कोसी परिक्रमा मार्ग को विकसित किया जाएगा। सरोवर के 52 घाटों का कायाकल्प होगा। अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का शहर बनाया जाएगा। इसमें गौ वंश के लिए उच्च मानकों की गौशाला बनेगी। समस्त मन्दिरों का जीर्णोद्धार होगा। महाआरती की भव्यता उदाहरण बनेगी। पुष्कर पर्यटन और धार्मिक नगरी का मिश्रित रूप होगा।
नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष सुश्री द्रोपदी ने कहा कि वे नेता प्रतिपक्ष के रूप में जनता की आवाज को उठाएंगे।नगर निगम में शहर कि समस्त कच्ची बस्तियों को एडीए से नगर निगम में लेने के लिए कार्य करेंगे। इससे  कच्ची बस्तियों के लोगों  को शीघ्र पट्टे मिल सकेंगे। नगर निगम की साधारण सभा निर्धारित समय सीमा आयोजित होनी चाहिए। निगम के नाम से दिए गए अवैध पट्टों की जांच जिला प्रशासन के समक्ष अधिकारी से करने कि मांग आयुक्त नगर निगम से की जाएगी।निगम के पार्षदों को प्रति वर्ष मिलने वाली विकास राशि को बढ़ाने के प्रयास मजबूती से किए जाएंगे।स्वायत्त शासन विभाग से निगम में कमेटियां शीघ्र गठित करवाने के प्रयास किए जाएंगे। निगम में आम जन के आवासीय मानचित्र शीघ्र स्वीकृत हो कर लोगों को मिले इसके लिए पॉलिसी बनाई जाएगी।आम जन से जुड़े सड़क, नाली, बिजली तथा पार्षदों की सलाह के अनुरूप उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान हो ऎसे प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी सहित सामाजिक कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।