विश्व संग्रहालय दिवस पर संगोष्ठी आयोजित

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर। विश्व संग्रहालय दिवस के अवसर पर गुरूवार को पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग द्वारा राजकीय गंगा संग्रहालय में ‘संग्रहालय शिक्षा के संवाहक’ विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के वृत्त अधीक्षक महेन्द्र कुमार निम्हल ने बताया कि विश्व संग्रहालय दिवस के अवसर पर दर्शकों हेतु संग्रहालय का अवलोकन निःशुल्क रखा गया तथा लगभग 150 से अधिक दर्शकों द्वारा संग्रहालय का निःशुल्क भ्रमण किया गया।
संगोष्ठी में प्रोफेसर भवंर भादाणी मुख्य अतिथि, राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के कोषाध्यक्ष राजेन्द्र जाशी अतिथि के रूप में तथा मुख्य वक्ता के रूप में शिव कुमार व्यास, डॉ. रितेश व्यास आदि उपस्थित रहे। संगोष्ठी का शुभारम्भ दीप प्रज्जवलित कर किया गया। प्रोफेसर भंवर भादाणी ने कहा कि संग्रहालय में ऐसी गतिविधियां नियमित व निरन्तर होती रहनी चाहिए, जिससे आमजन संग्रहालय के प्रति आकर्षित हो सकें। राजेन्द्र जाशी ने राजस्थान के प्रत्येक संग्रहालय में किस प्रकार की सामग्री है और उसका क्या महत्व है, इस दृष्टिकोण को के मद्देनजर हिन्दी और अंग्रेजी दोनों में परिचयात्मक परिपत्र प्रकाशित किये जाने की जरूरत बताई, जिससे राजस्थान के प्रत्येक संग्रहालय की जानकारी प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा विद्यार्थियों को संग्रहालय दिखाने की विशेष सुविधा प्रदान करते हुए विद्यार्थियों को आवश्यक रूप से संग्रहालय का भ्रमण करवाने हेतु दिशा निर्देश जारी करने चाहिए।
शिव कुमार व्यास ने संग्रहालय को शिक्षा का केन्द्र बताया और कहा कि हमारी विरासत एवं इतिहास की सटीक जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को संग्रहालय जरूर देखना चाहिए। रितेश व्यास ने संग्रहालय के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अपनी स्थानीय कला एवं संस्कृति की जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रत्येक जिले में संग्रहालय का होना आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में वृत्त अधीक्षक ने सभी आगुन्तकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।