अंतरराष्ट्रीय न्याय दिवस पर आयोजित हुआ विधिक साक्षरता शिविर

विनय एक्सप्रेस समाचार, चुरू। राज. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरणजयपुर और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष तथा जिला एवं सेशन न्यायाधीश रविन्द्र कुमार के निर्देशानुसार सोमवार को अंतरराष्ट्रीय न्याय दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित सीजेआरएम सीनियर सैकण्डरी पब्लिक स्कूल में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया।

प्राधिकरण सचिव प्रमोद बंसल ने बताया गया कि साल 2023 की विश्व अंतरराष्ट्रीय न्याय दिवस की थीम ’’सामाजिक न्याय के लिए बाधाओं पर काबू पाना और अवसरों को उजागर करना है।’’ अंतरराष्ट्रीय न्याय दिवस का उद्देश्य पीड़ितों के अधिकारों को बढ़ावा देने और उनके न्याय का समर्थन करने के लिये सभी को एकजुट करना है। यह दिन मौलिक मानवाधिकारों की वकालत और अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्याय को बढ़ावा देने पर केंद्रित है।

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय न्याय दिवस केे महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मानवता के खिलाफ अपराधों (विनाश, हत्या आदि), नरसंहार (जानबूझकर एक समुदाय को नुकसान पहुंचाना), युद्ध अपराध (जानबूझकर पीड़ा, यातना आदि का कारण) और आक्रामकता के अपराध (सैन्य व्यवसाय, विलय आदि) पर ध्यान केंद्रित करना है।

इस दौरान उन्होंने प्रत्येक कैटेगरी के पीड़ितों के अधिकारों व कानूनों सहित विधिक जानकारी दी।

सचिव प्रमोद बंसल ने उपस्थित सभी को विद्यालयों में स्कूली बच्चों के लिये जीवन कौशल और औषधि शिक्षा पर चेतना अभियान की जानकारी प्रदान की।

उन्होंने बताया कि अभियान के माध्यम से स्कूली बच्चों में नशामुक्ति के संबंध में जागरूकता उत्पन्न की जाएगी ताकि वे नशे के दुष्परिणामों के बारे में आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सके। उन्होंने नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने हेतु प्रेरित किया तथा विशेष योग्यजन हेतु चलाये जा रहे अभियान की भी जानकारी देते हुए बताया गया कि ऎसे बच्चे जो विकलांग हैं, जिनकी यूडीआईडी नहीं बनी हुई है उनको इस अभियान की जानकारी दी जाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है।

इस अवसर पर सचिव ने पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण अभियान, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों यथा राष्ट्रीय लोक अदालत, पीड़ित प्रतिकर स्कीम, मध्यस्थता, निःशुल्क विधिक सहायता इत्यादि के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान संस्था प्रधान सुरेन्द्र कुमार महिया, समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।