


विनय एक्सप्रेस समाचार, जयपुर। वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना -2023 के तहत प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों का नेपाल के काठमांडू में पशुपतिनाथ मंदिर दर्शन का सपना पूरा हो रहा है। देवस्थान विभाग आयुक्त श्रीमती प्रज्ञा केवलरामानी ने बताया कि 28 जुलाई से शुरू हुई हवाई यात्रा के तहत अब तक प्रदेश के 1187 वरिष्ठ नागरिक भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि अब तक श्री गंगानगर, हनुमानगढ़, दौसा, सीकर, प्रतापगढ़, उदयपुर, डूंगरपुर, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, बांसवाड़ा, कोटा के वरिष्ठ नागरिक दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से हवाई यात्रा के जरिए पशुपतिनाथ मंदिर में दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि 7 अगस्त को कोटा के 110 वरिष्ठ नागरिक यात्रा पर गये हैं। इसी क्रम में मंगलवार को दिल्ली से उड़ान भरने वाली फ्लाइट से झालावाड़ के 85 यात्री व बूंदी के 25 यात्री मंदिर दर्शन हेतु रवाना हुए। उन्होंने कहा तीर्थ यात्रा योजना के तहत रेल यात्रा के जरिए भी अब तक 5701 वरिष्ठ नागरिक रामेश्वरम, गंगासागर, द्वारकापुरी, जगन्नाथपुरी, वैष्णो देवी के दर्शन कर चुके हैं।













