जिला कलक्टर ने बीडीके अस्पताल एवं नगर परिषद का किया औचक निरीक्षण , मरीजों से संवाद कर जानें हालात, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

विनय एक्सप्रेस समाचार, झुंझुनू। जिला कलक्टर बचनेश कुमार अग्रवाल ने सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित राजकीय बीडीके अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ कमलेश झाझडिया साथ रहे। जिला कलक्टर द्वारा सर्वप्रथम चिकित्सकों तथा अन्य स्टाफ की उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण किया। तत्पश्चात अस्पताल परिसर में विभिन्न वार्डो में भर्ती मरीजों से संवाद कर उपलब्ध सुविधओं के बारे में जानकारी ली। दवा केन्द्रों पर वितरित की जा रही दवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। जनाना वार्ड में आउटडोर तथा इन्डोर भर्ती मरीजों से उपलब्ध सुविधाओं तथा परेशानी के बारे में जानकारी ली गई। बच्चा वार्ड में भर्ती बच्चों तथा उनकी माताओं से चिकित्सालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। अस्पताल परिसर स्थित एक्सरे मशीन के बारे में जानकारी ली गई। जिला कलक्टर द्वारा टीकाकरण कक्ष में जाकर टीकाकरण की ऑनलाईन व्यवस्था के बारे में जानकारी ली गई तथा उपस्थित बच्चों की माताओं से जानकारी ली। अस्पताल परिसर में संचालित इंदिरा रसोई में जाकर भोजन की गुणवत्ता को देखा गया तथा उपस्थित व्यक्तियों से जानकारी ली गई। तत्पश्चात प्रमुख चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में चिकित्सकों के साथ समीक्षा कर अस्पताल की आवश्यकताओं तथा अस्पताल परिसर में व्यस्थाओं में सुधार के आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद जिला कलक्टर ने नगर परिषद कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। जिला कलक्टर द्वारा नगर परिषद कार्यालय में आयुक्त के साथ बैठक कर आवश्यक जानकारी ली गई तथा चुनाव आदर्श आचार संहिता के बारे में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।