26 फरवरी से 1 मार्च तक पुस्तक मेले का होगा आयोजन : राजकीय सार्वजनिक मंडल पुस्तकालय में लगेगा पुस्तक मेला

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर। राजकीय सार्वजनिक मंडल पुस्तकालय द्वारा पांच दिवसीय पुस्तक मेला 26 फरवरी से 1 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। यह मेला म्यूजियम परिसर स्थित पुस्तकालय के वाचनालय कक्ष हॉल नं. 1 व हॉल नं. 2 में आयोजित किया जाएगा।
राजकीय सार्वजनिक मंडल पुस्तकालय के मंडल पुस्तकालयाध्यक्ष विमल कुमार शर्मा ने बताया कि बीकानेर के संभागीय प्रकाशकों द्वारा पुस्तकों की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसमें लेखकों, साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों साहित्यिक संस्थाओं जैसे राजस्थानी भाषा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी एवं राष्ट्र भाषा हिन्दी प्रचार समिति श्रीडूंगरगढ़ को भी आमंत्रित किया गया है। मेले में विद्यार्थियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी साहित्यकार, कथाकार, उपन्यासकार, कवि शामिल होंगे।
शर्मा ने बताया कि पुस्तकालय के नियमित पाठकों को इस प्रदर्शनी से पुस्तकें पढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार की साहित्यिक पुस्तकें जैसे (कविता संग्रह, कहानी संग्रह, उपन्यास, कथा संग्रह, बाल साहित्य) उपलब्ध होने पर आमजन को भी पुस्तकों के चयन के विकल्प मिल सकेगी।