विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर। स्वामी केशवानन्द राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय, बीकानेर के पेन्शनरों ने पेन्शन कल्याण समिति के ध्वज तले अध्यक्ष श्री मनफूल मांगलिया के नेतृत्व में आज दिनांक 31.07. 2025 से विश्वविद्यालय कुलगुरु सचिवालय के समक्ष अपनी निम्न पांच सूत्री मांगों यथा 22 माह की लंबित पेंशन का भुगतान, महंगाई भत्ते की दर 55% लागू करना, बढ़ी हुई राशि का लंबित भुगतान, सेवा निवृत्ति उपरांत भुगतानों में देरी एवं पेंशन कोष का विवरण एवं बकाया भुगतान के समर्थन में प्रशासन के साथ कई दौर की वाताएं विफल होने के पश्चात् विवशताधीन अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन आरम्भ किया ।
पेन्शनर कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री मनफूल मांगलिया ने अवगत कराया कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा दिया गया बार-बार दिये गये प्रत्युत्तर एवं अब तक की गई कार्यवाही संतोषजनक एवं पेन्शनर्स लाभकारी नहीं होने एवं पेंशनर्स को गुमराह करने का प्रयास मात्र है। प्रशासन उपरोक्त मांगों की वर्षों से इसी प्रकार पेंशनर्स की वास्तविक समस्याओं की अनदेखी करता आ रहा है। विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. अरुण कुमार दिनांक 01.08.2025 को विश्वविद्यालय स्थापना दिवस पर मुख्य अतिथि के तौर पर पधार रहे माननीय कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के संभावित दौरे के मध्यनजर अपनी छवि स्वच्छ रखने हेतु पेन्शनर कल्याण समिति पर धरना प्रदर्शन नहीं लगाने हेतु सतत् दबाव बना रहे हैं, इस बाबत अध्यक्ष एवं कुलगुरु के मध्य कई दौर की वार्ताएं भी हुई, किन्तु वार्ताओं में सहमति न बन पाने के कारण पेन्शनर कल्याण समिति को अंततः धरना प्रदर्शन लगाने हेतु बाध्य होना पड़ा।
धरना प्रदर्शन के दौरान स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय, बीकानेर से सेवानिवृत्त कार्मिकों एवं उनके परिजनों जिनमें बडी संख्या में महिलाएं भी सम्मिलित थीं, विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा पुलिस बल की सहायता से प्रदर्शनकारियों को जबरन रोकने का प्रयास किया गया। अध्यक्ष श्री मनफूल मांगलिया ने बताया कि मंत्री को ज्ञापन सौंपने के पश्चात आंदोलन की आगामी रणनीति तय की जाएगी













