एसएमएस दिव्यांग सेवा संस्थान के दिव्यांग खिलाड़ियों का राजस्थान पेंशनर इंजिनियर सोसायटी द्वारा सम्मान व सहयोग

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर। राजस्थान पेंशनर इंजिनियर सोसायटी, बीकानेर ने एसएमएस दिव्यांग सेवा संस्थान के उन दिव्यांग खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए एक समारोह का आयोजन किया, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर संस्थान और बीकानेर शहर का नाम रोशन किया। यह कार्यक्रम नई लाइन, पुराना बस स्टैंड के पास  स्थित डागा गेस्ट हाउस में आयोजित हुआ।

सोसायटी ने खिलाड़ियों के लिए तीन स्पोर्ट्स व्हीलचेयर प्रदान कीं, जो उनके लिए एक महत्वपूर्ण योगदान है। बेंगलुरु प्रवासी और उदयरामसर निवासी कमल सिपाणी ने दो व्हीलचेयर, जबकि हनुमान और अनुराग सारड़ा ने एक स्पोर्ट्स व्हीलचेयर दान की।सोसायटी के अध्यक्ष सुशील कुमार डुडी ने बच्चों के हौसले और साहस की सराहना करते हुए उनकी प्रशंसा की। महासचिव कमलकांत सोनी ने कहा कि उन्हें इस बात की सबसे अधिक खुशी है कि वे दिव्यांग बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए इस कार्यक्रम में उपस्थित हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी देवेंद्र बोथरा ने की, जबकि विशेष अतिथि मगनमल सुराणा थे।सोसायटी के सदस्य प्रवीण कुमार मित्तल, कार्यकारिणी सदस्य जावेद मिर्जा, रवि माथुर, हरीश बिश्नोई, लालचंद लोहारीवाल, हरिनारायण सिंह, अनुराग नागर, पूर्णाराम चौधरी, हरिशंकर सुथार, भवानीशंकर भाटी, पीआर राठी आदि ने बच्चों से संवाद किया। इस अवसर पर संस्था के 32 दिव्यांगजनों को उपहार में पानी की बोतल भेंट की गई। संस्था के पदाधिकारियों ने अतिथियों का मोतियों की माला पहनाकर सम्मान किया।

संस्था के अध्यक्ष मंजू गुलगुलिया, पदाधिकारी गणेश दुगड़, प्रेम गहलोत, गजेंद्र शर्मा तथा कोच संतोष कुमार और नरेंद्र शर्मा ने आगंतुकों के सहयोग और उपस्थिति के लिए आभार व्यक्त किया।