फिट इंडिया मिशन: योगा, तीरंदाज़ी और एथलेटिक्स के रोमांचक मुकाबले दूसरे दिन हुए

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर और फिट इंडिया मिशन के तहत, डॉ. करणी सिंह स्टेडियम के जिला खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र द्वारा 29 अगस्त से 31 अगस्त तक तीन दिनों तक नेशनल स्पोर्ट्स डे मनाया जा रहा है। इस कार्यक्रम को भारत सरकार और खेल मंत्रालय के फिट इंडिया मिशन द्वारा भी समर्थन प्राप्त है।

आज इस आयोजन का दूसरा दिन था, जिसमें योगा, तीरंदाज़ी और एथलेटिक्स की प्रतियोगिताएँ हुईं। योगा का प्रशिक्षण अंतरराष्ट्रीय वुशू पदक विजेता और वुशू प्रशिक्षक गणेश कुमार हर्ष ने दिया। उन्होंने खिलाड़ियों को ब्रीदिंग अभ्यास, कोर मसल्स की स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और ध्यान के अलग-अलग अभ्यास कराए, ताकि वे आगामी प्रतियोगिताओं में उच्चतम प्रदर्शन कर सकें। इसके साथ ही मुख्य अतिथि के अलावा विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय योगा खिलाड़ी श्री अवधेश आचार्य भी उपस्थित थे, जिन्होंने खिलाड़ियों को योग की कई बारीकियों और सुक्ष्म व्यायाम के बारे में बताया।

ज़िला खेल अधिकारी श्री श्रवण कुमार भाम्भू ने भी खिलाड़ियों को प्रेरित किया और कहा कि सबको रोज़ एक घंटे खेल के मैदान में समय बिताना चाहिए।

इस प्रतियोगिता में कुल 55 खिलाड़ी शामिल हुए, जिनमें बैडमिंटन और वुशु के खिलाड़ी भी थे। बैडमिंटन के कोच श्री हेमंत मोदी भी उपस्थित थे। साथ ही तीरंदाज़ी और एथलेटिक्स में भी रोमांचक मुकाबले हुए, जिनमें प्रशिक्षक जगजीत सिंह बावा और राम निवास चौधरी ने खिलाड़ियों को मार्गदर्शन दिया और उन्हें पुरस्कार भी प्रदान किए।

इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य है कि खिलाड़ी अपने परिवार और आम जनता को भी खेल के लिए प्रेरित करें। कल इस कार्यक्रम का समापन होगा और विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।