बीकानेर देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग का मीडिया पर शर्मनाक बयान, विनय एक्सप्रेस के संपादक थानवी ने कि कड़ी निंदा

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर.बीकानेर देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग के एक विवादास्पद बयान ने शहर में तीखी प्रतिक्रिया को जन्म दिया है। सियाग ने जिला प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन केवल “छद्म मीडिया मैनेजमेंट” करता है, ताकि जनता को यह भ्रम हो कि प्रशासन काम कर रहा है। इस बयान को लेकर  विनय एक्सप्रेस मीडिया समूह के संपादक विनय थानवी ने अत्यंत शर्मनाक और आपत्तिजनक करार दिया है।

सियाग ने बीकानेर शहर की समस्याओं, विशेष रूप से बरसात के कारण सड़कों पर कीचड़ और गड्ढों की स्थिति को लेकर भजनलाल सरकार और जिला प्रशासन की आलोचना की। उन्होंने दावा किया कि लाखों रुपये टैक्स देने वाली जनता की समस्याओं के प्रति सरकार गंभीर नहीं है। हालांकि, उनके इस बयान में मीडिया को लेकर की गई टिप्पणी ने विवाद खड़ा कर दिया है।

उल्लेखनीय कि कांग्रेस कि ओर से जारी एक अधिकृत प्रेस नोट मे सियाग के बयान की जानकारी सभी मीडिया को दी गई है।

थानवी ने कहा, “मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और जनता की आवाज को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सियाग का मीडिया को ‘छद्म’ कहना न केवल शर्मनाक है, बल्कि यह पत्रकारिता के सम्मान और उनकी मेहनत का अपमान है।”

आज बीकानेर शहर और देहात कांग्रेस द्वारा नगर निगम के खिलाफ जनसमस्याओं को लेकर किए गए प्रदर्शन के बाद यह विवाद और गहरा गया है। थानवी ने मांग की है कि बिशनाराम सियाग अपने बयान के लिए तत्काल मीडिया और आम जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सियाग ऐसा नहीं करते, तो यह कांग्रेस पार्टी की छवि को और नुकसान पहुंचाएगा।

स्थानीय पत्रकार संगठनों और आमजन ने भी सियाग के बयान की निंदा की है। पत्रकारों का कहना है कि मीडिया दिन-रात जनता की समस्याओं को उजागर करने में लगा रहता है, और इस तरह की टिप्पणी उनकी निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर अनुचित हमला है।

सियाग के इस बयान ने न केवल राजनीतिक हलकों में, बल्कि आम जनता और मीडिया के बीच भी आक्रोश पैदा किया है।