विधायक जेठानन्द व्यास एवं अंशुमान सिंह की आरएसएस के क्षेत्रीय प्रचारक और मुख्यमंत्री के विशिष्ट सचिव सन्देश नायक से मुलाकात, गोचर भूमि के दुरूपयोग पर हुई चर्चा

बीडीए मास्टर प्लान में गोचर भूमि के दुरुपयोग पर चर्चा

File photo

संदेश नायक ने आश्वासन दिया: गोचर भूमि का नहीं होगा व्यावसायिक उपयोग

विनय एक्सप्रेस समाचार, जयपुर। बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास और कोलायत विधायक  अंशुमान सिंह भाटी ने शुक्रवार को जयपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक  निम्बाराम और मुख्यमंत्री के विशिष्ट सचिव  संदेश नायक से मुलाकात की। इस दौरान बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) के मास्टर प्लान 2043 में गोचर भूमि के अधिग्रहण के प्रस्ताव को रद्द करने की मांग उठाई गई।

दोनों विधायकों ने बीडीए के प्रारूप में शामिल 40 हजार बीघा गोचर भूमि, 188 गांवों की ओरण-गोचर और जोहड़ पायतान भूमि के अधिग्रहण के प्रस्ताव को अवैध और अनुचित बताते हुए इसे तुरंत निरस्त करने की मांग की। विधायक व्यास ने कहा कि गोचर भूमि का अन्य प्रयोजन के लिए उपयोग कानूनी रूप से गलत है और इससे स्थानीय लोगों में व्यापक नाराजगी है। उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव के खिलाफ हजारों आपत्तियां दर्ज हो चुकी हैं।

भाटी और व्यास ने जोर देकर कहा कि गोचर भूमि का मुद्दा पशुधन और ग्रामीण संस्कृति के संरक्षण से जुड़ा है। उन्होंने बीडीए और जिला प्रशासन के एकतरफा प्रस्ताव को सरकार की छवि के लिए नुकसानदायक बताया। इस पर मुख्यमंत्री के विशिष्ट सचिव  संदेश नायक ने स्पष्ट आश्वासन दिया कि गोचर भूमि का उपयोग किसी भी व्यावसायिक या आवासीय गतिविधि के लिए नहीं होगा।