विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर. सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर बीकानेर में आयोजित पदयात्रा कार्यक्रम राजनीतिक हलचल का केंद्र बन सकता है। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और स्थानीय विधायक जेठानंद व्यास के बीच समयबद्धता को लेकर उत्पन्न असमंजस से विवाद की स्थिति पैदा हो गई है। कुछ समय पूर्व मुक्ता प्रसाद डिस्पेंसरी उद्घाटन के दौरान दोनों नेताओं के बीच हुई खींचतान अभी ताजा है, और अब सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के इस कार्यक्रम में भी ऐसी ही परिस्थिति दोहराई जा रही है।
सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय बीकानेर के जनसंपर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई ने बीकानेर जिले के प्रेस प्रतिनिधियों को अपडेट देते हुए बताया कि केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल सरदार पटेल की जयंती पर शनिवार सुबह 8:00 बजे पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। यह पदयात्रा एसपी मेडिकल कॉलेज से प्रारंभ होकर पवनपुरी स्थित नागणेची की माताजी मंदिर तक चलेगी। बिश्नोई ने कहा, “यह राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम का हिस्सा है.
वहीं, विधायक जेठानंद व्यास ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज के माध्यम से शुक्रवार सांय के समय जारी सूचना में आम लोगों को सुबह 8:30 बजे पदयात्रा में शामिल होने का आह्वान किया है। सभी को सुबह 8:30 बजे एसपी मेडिकल कॉलेज पर पहुंचने का आग्रह है।” इस समय अंतराल से कार्यक्रम की समन्वयता पर सवाल उठने लगे हैं, जो मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
यह पहली बार नहीं है जब दोनों नेताओं के बीच ऐसे असमंजस की स्थिति देखने को मिल रही है। कुछ समय पूर्व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा मुक्ता प्रसाद डिस्पेंसरी के उद्घाटन समारोह में भी अर्जुन मेघवाल और जेठानंद व्यास के बीच कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर खासी नाराजगी हुई ओर मीडिया में यह खबर सुर्खियां बटोर चुकी थी। स्थानीय राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि यह टकराव क्षेत्रीय विकास मुद्दों पर बढ़ती प्रतिस्पर्धा का परिणाम हो सकता है !
अब सभी की निगाहें शनिवार सुबह सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ सुरेंद्र कुमार पर हैं, जो इस राजनीतिक घटनाक्रम को किस तरह संभालते है? क्या वे समयबद्धता सुनिश्चित कर पाएंगे? या फिर विवाद की आग फिर भड़क उठेगी? राष्ट्रीय एकता के इस प्रतीकात्मक कार्यक्रम में स्थानीय राजनीति का साया पड़ना दुर्भाग्यपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम के आयोजक और स्थानीय प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए हैं, लेकिन अंतिम फैसला कल सुबह ही स्पष्ट होगा।
सांसद अर्जुनराम मेघवाल की ओर से जारी कार्यक्रम की अधिकृत सूचना : 👇

विधायक जेठानन्द व्यास की ओर से जारी कार्यक्रम की अधिकृत सूचना : 👇














