विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर.राजस्थान के हजारों विधि छात्रों की लंबे समय से चली आ रही मांग को अब जोरदार आवाज मिली है। प्रसिद्ध अधिवक्ता राजेश राजपुरोहित ने बार काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन को सशक्त पत्र लिखकर मांग की है कि आल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE) 2025 और आने वाली सभी परीक्षाओं के लिए राजस्थान में सिर्फ जयपुर व जोधपुर नहीं, बल्कि सभी सातों संभाग मुख्यालयों – जयपुर, जोधपुर, अजमेर, उदयपुर, बीकानेर, कोटा और भरतपुर में परीक्षा केंद्र स्थापित किए जाएं।
पत्र में तर्क दिया गया है कि देश के सबसे बड़े राज्य राजस्थान में दूर-दराज के छात्रों को सैकड़ों किलोमीटर की यात्रा, हजारों रुपयों का खर्च और विशेषकर महिला अभ्यर्थियों को सुरक्षा व ठहरने की भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।
अधिवक्ता राजेश राजपुरोहित ने अन्य राज्यों के उदाहरण देते हुए लिखा कि गुजरात, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, पंजाब-हरियाणा, तमिलनाडु जैसे राज्यों में कई-कई शहरों में केंद्र बनाए गए हैं, फिर राजस्थान जैसे विशाल भौगोलिक व विषम परिस्थितियों वाले राज्य के साथ यह भेदभाव क्यों?
उन्होंने थार के रेगिस्तान, अरावली की पहाड़ियों, सीमावर्ती इलाकों की कठिन पहुंच और छात्रों की कमजोर आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि जिस तरह न्यायपालिका का विकेंद्रीकरण हो रहा है, उसी तरह वकालत की पहली सीढ़ी AIBE के केंद्रों का भी संभाग स्तर पर विकेंद्रीकरण जरूरी है।
पत्र की प्रति बार काउंसिल ऑफ राजस्थान को भी कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
राजस्थान भर के विधि छात्रों ने इस साहसिक कदम की भूरि-भूरि प्रशंसा की है और उम्मीद जताई है कि बार काउंसिल ऑफ इंडिया बहुत शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर राजस्थान के हर कोने के मेधावी छात्र को बराबर का अवसर देगा।













