केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल दंपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की : पाना देवी ने पीएम को भेंट की हस्तनिर्मित स्मृति-चिह्न और अपनी पुस्तक

विनय एक्सप्रेस समाचार, नई दिल्ली.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अर्जुन राम मेघवाल और उनकी पत्नी श्रीमती पाना देवी मेघवाल से मुलाकात की। इस दौरान दंपति को प्रधानमंत्री जी का स्नेहपूर्ण आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

इस भावपूर्ण भेंट के दौरान श्रीमती पाना देवी मेघवाल ने अपने हाथों से तैयार किया हुआ रंग-बिरंगा बीड्स का हस्तनिर्मित स्मृति-चिह्न और अपनी लिखी पुस्तक “एक सफ़र हमसफ़र के साथ” की प्रति प्रधानमंत्री को भेंट की। पुस्तक में उनके वैवाहिक जीवन के संस्मरण और अनुभव संकलित हैं।

मुलाकात के बाद केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा,  कि“देश के यशस्वी, तपस्वी और कर्मयोगी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी से आज मेरी धर्मपत्नी श्रीमती पाना देवी जी के साथ एक साथ आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। प्रधानमंत्री जी की आत्मीयता और सहृदयता के लिए कोटिशः कृतज्ञता एवं आभार।”

प्रधानमंत्री ने भी दंपति के प्रति स्नेह प्रकट करते हुए हस्तकला उपहार और पुस्तक को ग्रहण किया तथा शुभकामनाएं दीं।

यह मुलाकात सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है और लोग प्रधानमंत्री की सादगी व सुलभता की भूरि-भूरि प्रशंसा कर रहे हैं।