बीकानेर के डॉ. पंकज कुमार जोशी जापान में अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में वक्ता के रूप में होंगे शामिल

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर. बीकानेर जिले के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक एवं असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. पंकज कुमार जोशी को जापान के प्रसिद्ध त्सुकुबा विश्वविद्यालय, टोक्यो द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया है।

कॉन्फ्रेंस का शीर्षक है – “Functional Foods and Bioactive Compounds in Healthy Aging and Disease Management” (स्वस्थ उम्र बढ़ने और रोग प्रबंधन में कार्यात्मक खाद्य एवं बायोएक्टिव यौगिक)।

इस वैश्विक सम्मेलन में डॉ. जोशी भारतीय औषधीय पादपों आंवला (Emblica officinalis) और एलोवेरा (Aloe vera) के बायोएक्टिव कंपाउंड्स, उनके औषधीय गुणों तथा एजिंग, डायबिटीज और अन्य जीवनशैली रोगों के प्रबंधन में चिकित्सीय महत्व पर अपना शोध प्रस्तुत करेंगे।

डॉ. पंकज कुमार जोशी वर्तमान में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं और इससे पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंसों में भारत का सफलतापूर्वक प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनके इस सम्मान से बीकानेर सहित पूरे राजस्थान को गौरव प्राप्त हुआ है।

यह आयोजन विश्व भर के वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और चिकित्सा विशेषज्ञों को एक मंच पर लाएगा, जहां भारतीय आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों की वैज्ञानिक वैधता को वैश्विक स्तर पर रेखांकित करने का सुनहरा अवसर मिलेगा।