अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हनुमानगढ़ में राज्य स्तरीय समारोह : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे संबोधित

विभिन्न योजनाओं की राशि डीबीटी से होगी हस्तांतरित
विनय एक्सप्रेस समाचार, हनुमानगढ़ 7 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इस वर्ष राज्य स्तरीय समारोह हनुमानगढ़ में आयोजित किया जाएगा। समारोह में मुख्यमंत्री  भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से सहायता राशि भी हस्तांतरित की जाएगी।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित कृषि उपज मंडी के बी-ब्लॉक, प्लेटफॉर्म नंबर दो पर आयोजित होगा। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री  दिया कुमारी तथा जिला प्रभारी मंत्री  सुमित गोदारा सहित अन्य मंत्री भी भाग लेंगे।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे हेलीकॉप्टर से राजीव गांधी स्टेडियम पहुंचेंगे। इसके बाद वे कृषि उपज मंडी में आयोजित समारोह में भाग लेंगे और कृषि उपज मंडी में लगाई गई विभागीय प्रदर्शनी का निरीक्षण करेंगे।
समारोह में महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।