विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर। राजस्थानी सिनेमा के प्रसिद्ध लेखक, निर्देशक और अभिनेता अरविन्द कुमार बाघेला की थ्री ब्रदर्स फिल्म्स प्रजेंट्स के बैनर तले बनी नई राजस्थानी फिल्म ‘टाईगर ऑफ राजस्थान’ 13 मार्च शुक्रवार से बीकानेर के सिने मैजिक सिनेमा हॉल में प्रदर्शित की जा रही है। यह फिल्म राजस्थान की एक सच्ची घटना पर आधारित है, जो अन्याय के खिलाफ लड़ाई और एकजुट होकर मुकाबला करने का मजबूत संदेश देती है।
बुधवार को होटल वृन्दावन रिजेंसी में आयोजित प्रेस वार्ता में फिल्म के निर्देशक एवं अभिनेता अरविन्द कुमार ने बताया कि राजस्थानी भाषा को बढ़ावा देने और अपनी माटी से प्यार के कारण वे मरते दम तक राजस्थानी फिल्मों के माध्यम से मान्यता के लिए संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने दर्शकों से प्यार और आशीर्वाद की अपील की। अरविन्द कुमार ने मुख्य किरदार के साथ न्याय के लिए खुद चुनौती स्वीकार करते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। फिल्म में बॉलीवुड के कई जाने-माने कलाकार भी शामिल हैं।
फिल्म में प्यार, इमोशन, ड्रामा और एक्शन के साथ धांसू गीत और संगीत है। यह संपूर्ण राजस्थान के साथ राज्य के बाहर भी लोकप्रिय हो रही है। बीकानेर के दर्शकों की मांग पर सिने मैजिक सिनेमा हॉल में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक शो चलाए जाएंगे।
फिल्म में मुख्य भूमिकाएं निभाने वाले कलाकारों में अरविन्द कुमार बाघेला के अलावा उपासना सिंह, रंजीत राजू श्रेष्ठा, देबोलिना भट्टाचार्जी, दीप्ति नागपाल, भूपेश रसिन, अरविंदर सिंह, दीपेंद्र सिंह, हर्षित माथुर, हेमा चंदानी, भावना शर्मा, शिवराज गुर्जर, मुमताज खान, राजवीर, सामिर खान और असलम खान शामिल हैं। संगीत दिलीप सेन, आदित्य गौर और निषेध सोनी ने दिया है। गीत छोटू सिंह रावणा, यशपाल तंवर, रफीक राजस्थानी और साबिर खान ने लिखे हैं, जबकि स्वर पूर्निमा श्रेष्ठा, छोटू सिंह रावणा, सौरिन भट्ट, मोहम्मद सलामत, सना अजीज, रेखा राव, सुनीता सगोतिया और रवि जैन ने दिए हैं।
निर्माता हितेश कुमार, जैस्मिन कुमार, प्रवीण सगोतिया और सुनीता सगोतिया हैं। को-प्रोड्यूसर दिनेश असीवाल और राज राठौड़ हैं। एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर सलीम गौर, अनिल सिंह राठौड़, चंद्रकांत वर्मा, ध्रुव निनामा और मनीष अग्रवाल हैं। कैमरामैन हितेश बेलदार, एडिटर प्रकाश झा, एक्शन निर्देशक बुट्टा सिंह, कोरियोग्राफर सरोज खान और राजू शबाना हैं। क्रिएटिव डायरेक्टर अमर कुमार सोलंकी तथा एसोसिएट डायरेक्टर अशोक बाफना और जैस्मिन कुमार हैं।
फिल्म के गीत सोशल मीडिया पर धूम मचा रहे हैं। एक गीत ‘रो रही है धरती अम्बर…’ अन्याय के खिलाफ बुलंद आवाज बनकर जनता की भावनाओं को छूता है, जबकि ‘चली चली… टाइगर ऑफ राजस्थान’ वाला गीत कर्णप्रिय संगीत से युवाओं को झूमने पर मजबूर कर देता है।
यह फिल्म बॉलीवुड की मशहूर नृत्य निर्देशक सरोज खान की आखिरी फिल्म भी है, जिसमें उन्होंने राजस्थानी नृत्य घूमर को नए अंदाज में पेश किया है। यह खासतौर पर महिलाओं को पसंद आएगा।
कथानक में एक ईमानदार शिक्षक की कहानी है, जिसे हालात अपराध की दुनिया में धकेल देते हैं, लेकिन वह इंसानियत और न्याय के लिए रॉबिनहुड की तरह गरीबों का सहारा बन जाता है। लोग उसे प्यार से ‘टाइगर ऑफ राजस्थान’ कहने लगते हैं। ट्रेलर में राजस्थान की परंपरा, शौर्य और भव्यता का शानदार प्रदर्शन है।
दर्शक इस फिल्म को सिने मैजिक में देखकर राजस्थानी सिनेमा का नया अध्याय महसूस कर सकते हैं।













