
विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर। भारतीय शिक्षा बोर्ड से संबद्ध अर्हम इंग्लिश अकैडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल का इस वर्ष का परीक्षा परिणाम अत्यंत गौरवपूर्ण रहा। विद्यालय के विद्यार्थियों ने शत-प्रतिशत सफलता हासिल कर संस्थान और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
कक्षा 10 में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। नूपुर नाहर ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। प्राची करनानी 94.83 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि भव्यता सोनी ने 91.67 प्रतिशत अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इन शानदार परिणामों के साथ विद्यालय ने बीकानेर जिले में सर्वोच्च परीक्षा परिणाम देने का गौरव हासिल किया। कक्षा 10 के सभी विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।
कक्षा 8 के 21 विद्यार्थियों में से 15 ने ए ग्रेड तथा 6 ने बी ग्रेड प्राप्त किया। वहीं कक्षा 5 के 25 विद्यार्थियों में से 13 ने ए ग्रेड, 11 ने बी ग्रेड और एक विद्यार्थी ने सी ग्रेड हासिल कर सफलता प्राप्त की।

विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक सचिव सुरेंद्र कुमार डागा ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त की और उन्हें निरंतर प्रगति के लिए प्रेरित किया।
डागा ने घोषणा की कि इस वर्ष से विद्यालय में विज्ञान, वाणिज्य और कला संकाय भी शुरू किए जा रहे हैं। उन्होंने कक्षा 10 के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः 11,000 रुपये, 7,100 रुपये तथा 5,100 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की। साथ ही 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले हर विद्यार्थी को 2,100 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
इसके अलावा बोर्ड कक्षाओं में ए ग्रेड हासिल करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को 2,100 रुपये तथा बी ग्रेड प्राप्त करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को 1,100 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। सभी विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क शैक्षिक भ्रमण भी आयोजित किए जाएंगे।
विद्यालय परिवार ने इस सफलता का पूरा श्रेय विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है।













