विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर.सरदार पटेल आयुर्विज्ञान महाविद्यालय (एसपी मेडिकल कॉलेज), बीकानेर में टी.बी. एवं चेस्ट (श्वसन रोग) विभाग में प्रशासनिक बदलाव किया गया है। मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार वरिष्ठ आचार्य डॉ. गुंजन सोनी को विभागाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
आदेश में बताया गया है कि राजस्थान सरकार के आदेशानुसार डॉ. माणक चन्द गुजरानी को टी.बी. एवं चेस्ट विभाग का विभागाध्यक्ष पद 15.10.2024 से 14.10.2026 तक अथवा वरिष्ठ आचार्य उपलब्ध होने तक के लिए सौंपा गया था। अब विभाग में वरिष्ठ आचार्य के रूप में डॉ. गुंजन सोनी की उपलब्धता को देखते हुए यह जिम्मेदारी उन्हें दी गई है।
गौरतलब है कि डॉ. राज्य सरकार द्वारा पूर्व में जारी आदेशानुसार डॉ. गुंजन सोनी, वरिष्ठ आचार्य, टी.बी. चेस्ट को दिनांक 17.03.2021 से 2 वर्ष की अवधि के लिये विभागाध्यक्ष नियुक्त किया गया था, हालांकि बाद में प्रधानाचार्य पद पर नियुक्ति के कारण वे 17 मार्च 2021 से 14 अक्टूबर 2022 तक, यानी 1 वर्ष 6 माह 29 दिन ही इस पद पर कार्य कर पाए थे।
नए आदेश के अनुसार डॉ. गुंजन सोनी 30 अप्रैल 2026 से 30 सितंबर 2026 तक अथवा नियमित नियुक्ति, स्थानांतरण, सेवानिवृत्ति या अन्य परिस्थितियों तक विभागाध्यक्ष के रूप में कार्य करेंगे।
विभागाध्यक्ष के रूप में डॉ. सोनी पर विभाग के प्रशासनिक कार्यों का संचालन, चिकित्सा सेवाओं की निगरानी, स्टाफ प्रबंधन, शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन तथा अस्पताल की विभिन्न इकाइयों—IPD, OPD, ICU व इमरजेंसी सेवाओं—को सुचारू बनाए रखने की जिम्मेदारी रहेगी।
प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार के इस आदेश को विभागीय कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
विभागाध्यक्ष बनने के बाद श्वसन रोग विभाग के डॉक्टर्स, रेजिडेंट्स, नर्सिंग ऑफिसर्स सहित सभी कार्मिको ने बधाई दी.













