बारिश में बड़ा हादसा टला: सिल्वर स्क्वेयर मॉल के बाहर होर्डिंग गिरा, गाड़ियों को नुकसान

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर। शहर में हुई तेज बारिश के दौरान सिल्वर स्क्वेयर मॉल के बाहर लगा एक प्राइवेट होर्डिंग अचानक गिर गया, जिससे वहां पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि गनीमत रही कि घटना के समय कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया और जनहानि टल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, होर्डिंग गिरने से कई वाहनों के शीशे टूट गए और गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

शहर में प्राइवेट और अवैध होर्डिंग्स की बढ़ती संख्या को लेकर अब एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, नगर निगम द्वारा प्राइवेट साइट्स की अनुमति देते समय सेफ्टी सर्टिफिकेट अनिवार्य किया जाता है, लेकिन कई मामलों में निजी संवेदक केवल औपचारिकता निभाते हुए किसी आर्किटेक्ट का प्रमाणपत्र जमा कर कमजोर स्ट्रक्चर खड़ा कर देते हैं, जिससे ऐसे हादसों की आशंका बनी रहती है।

शहर के विभिन्न स्थानों पर भी खतरनाक होर्डिंग्स लगे होने की बात सामने आई है। गोगा गेट चौराहे पर जर्जर भवनों के ऊपर भारी-भरकम स्ट्रक्चर लगाए गए हैं, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। वहीं म्यूजियम सर्किल ट्रैफिक लाइट के पास एक चार मंजिला भवन पर हाल ही में दो बड़े होर्डिंग्स की अनुमति दिए जाने से भी खतरा बढ़ गया है।

स्थानीय लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि शहरभर में विशेष अभियान चलाकर अवैध और असुरक्षित होर्डिंग्स की जांच की जाए तथा बिना अनुमति या कमजोर स्ट्रक्चर वाले होर्डिंग्स को तुरंत हटाया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।