विशेष शैक्षणिक कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों, रेजिडेंट डॉक्टर्स एवं फैकल्टी सदस्यों के साथ किया संवाद

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के अध्यक्ष एवं नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज के अध्यक्ष डॉ. अभिजात चंद्रकांत शेठ शुक्रवार को सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज (एसपीएमसी) पहुंचे। मेडिकल स्टूडेंट्स के लिए आयोजित विशेष शैक्षणिक कार्यक्रम में उन्होंने विद्यार्थियों, रेजिडेंट डॉक्टर्स एवं फैकल्टी सदस्यों के साथ खुलकर संवाद किया।

कॉलेज प्रांगण में पहुंचते ही एसपीएमसी प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार वर्मा ने डॉ. अभिजात का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. रेखा आचार्य, चिकित्सक शिक्षक संगठन के अध्यक्ष डॉ. विजय तुंदवाल, सचिव डॉ. विनोद छिम्पा, डॉ. वीर बहादुर सिंह, डॉ. पिण्टू नाहटा, डॉ. देवेन्द्र अग्रवाल, डॉ. नीति शर्मा, डॉ. बीके गुप्ता सहित बड़ी संख्या में फैकल्टी सदस्य, वरिष्ठ चिकित्सक, रेजिडेंट डॉक्टर्स, इंटर्न एवं मेडिकल विद्यार्थी उपस्थित रहे।
एसपीएमसी टीचर्स एसोसिएशन द्वारा आचार्य तुलसी कैंसर रिसर्च सेंटर ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में *डॉ. अभिजात चंद्रकांत शेठ* मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने मेडिकल शिक्षा की गुणवत्ता, नवाचार, शोध कार्य, छात्र सहभागिता और भविष्य की स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
डॉ. अभिजात ने अकादमिक गतिविधियों की जानकारी ली और फैकल्टी, विद्यार्थियों तथा रेजिडेंट डॉक्टर्स की समस्याएं व शिकायतें (ग्रिवांस) सुनीं। उन्होंने सभी मुद्दों को दूर करने का आश्वासन देते हुए कहा कि छात्रों एवं चिकित्सकों की कठिनाइयों का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।
अपने संबोधन में डॉ. अभिजात चंद्रकांत शेठ ने कहा, कि “मेडिकल कॉलेज में कार्यरत डॉक्टर्स को मानवीय संवेदनाओं के साथ 24 घंटे सेवा के लिए सदैव तैयार रहना चाहिए। ईश्वर ने यह देवीय कार्य करने का अवसर केवल डॉक्टर समुदाय को दिया है, जहां वे अपने ज्ञान और कौशल से मरीजों को जीवनदान दे सकते हैं।”
प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार वर्मा ने डॉ. अभिजात के आगमन को मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में नई प्रेरणा बताते हुए कहा कि चिकित्सा शिक्षा केवल डिग्री तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें संवेदनशीलता, नैतिकता, संवाद कौशल और आजीवन सीखने की भावना भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे विशेषज्ञों के अनुभवों का अधिकतम लाभ उठाएं।















