फलोदी बोर्ड नोडल केंद्र पहुंची माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक परीक्षाओं की अंकतालिकाएं

विनय एक्सप्रेस समाचार, फलोदी। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान द्वारा आयोजित माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक परीक्षाओं की समस्त अंकतालिकाएं बोर्ड नोडल केंद्र फलोदी पहुंच चुकी हैं।

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय फलोदी के प्रधानाचार्य एवं प्रभारी बोर्ड नोडल केंद्र मनमोहन पुरोहित ने बताया कि क्षेत्र के समस्त सरकारी एवं निजी उच्च माध्यमिक, माध्यमिक विद्यालयों के साथ-साथ प्रवेशिका एवं वरिष्ठ उपाध्याय संस्थाओं के संस्था प्रधान सोमवार, 11 मई 2026 से विद्यालय समय के दौरान स्वयं या अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से अंकतालिकाएं प्राप्त कर सकते हैं।

पुरोहित ने स्पष्ट किया कि यदि कोई संस्था प्रधान अंकतालिकाएं अपने प्रतिनिधि के माध्यम से प्राप्त करना चाहते हैं तो प्रतिनिधि को संस्था प्रधान के अधिकृत पत्र के साथ हस्ताक्षर प्रमाणित दस्तावेज अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने होंगे।

उन्होंने सभी संस्था प्रधानों से अपील की है कि विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए समय पर अंकतालिकाएं प्राप्त कर लें, ताकि छात्र-छात्राओं को अगली कक्षाओं में प्रवेश एवं उच्च शिक्षा के लिए दाखिले में किसी प्रकार की परेशानी न हो।