गंगाशहर में सीवरेज प्रोजेक्ट की लापरवाही, सड़कें धंसी, हादसों का खतरा बढ़ा

 विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर । गंगाशहर क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से तैयार सीवरेज प्रोजेक्ट अब खतरे का सबब बन रहा है। महावीर चौक से न्यू बस स्टैंड जाने वाली सड़क, नई लाइन और पूरे गंगाशहर में जगह-जगह सड़कें धंस रही हैं, जिससे बड़े हादसों का खतरा मंडरा रहा है।स्थानीय निवासियों का कहना है कि सीवर लाइन डालने के बाद सड़कों को ठीक करने में लापरवाही बरती गई।
वार्ड नंबर 47 के लोगों ने बताया कि महज एक साल में ही कई जगहों पर चार-पांच बड़े गड्ढे बन चुके हैं। ये गड्ढे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं।मोहल्ले वासियों ने बताया कि गंगाशहर की गलियों में हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। हर गली में सीवरेज कार्य के कारण सड़कें धंस रही हैं, जिससे आए दिन बाइक और गाड़ियां गड्ढों में फंस रही हैं।
निवासियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने तुरंत संज्ञान नहीं लिया तो बड़ा हादसा हो सकता है।लोगों ने मांग की है कि सड़कों की तत्काल मरम्मत और स्थायी समाधान किया जाए। साथ ही, इस प्रोजेक्ट से जुड़े ठेकेदारों और अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस गंभीर समस्या पर तुरंत ध्यान दिया जाए, वरना स्थिति और विकट हो सकती है।