विनय एक्सप्रेस

The Vinay Express Newsroom • Quality Broadsheet

News

बीकानेर में बिगड़ते हालात पर ओबीसी प्रकोष्ठ ने जताई चिंता, प्रशासन से की समस्याओं के समाधान की मांग

विनय थानवी||अपडेट: 8 जून 2026|3 मिनट पढ़ें
बीकानेर में बिगड़ते हालात पर ओबीसी प्रकोष्ठ ने जताई चिंता, प्रशासन से की समस्याओं के समाधान की मांग
विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर। बीकानेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के ओबीसी प्रकोष्ठ ने शहर के बिगड़ते हालात और प्रशासनिक उदासीनता पर गहरी चिंता जताई है। प्रकोष्ठ ने प्रेस वार्ता कर जिला प्रशासन कि बदइंतजामी , शहर की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया है। इस दौरान कांग्रेस नेता हाजी मकसूद अहमद ने कहा कि बीकानेर में लोकतंत्र नाममात्र का रह गया है और अफसरशाही हावी है, जिसके कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रकोष्ठ ने निम्नलिखित समस्याओं पर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है: टूटी सड़कें और गड्ढे: बीकानेर पूर्व और पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों में सड़कों और नालियों की हालत बदहाल है। बारिश में टूटी सड़कों के कारण दुर्घटनाएं और जलभराव की समस्या उत्पन्न हुई। प्रकोष्ठ ने सड़कों की तत्काल मरम्मत की मांग की। नालियों की बदहाली: टूटी नालियां और उनके क्रॉस शहर में गंदगी और बदबू का कारण बन रहे हैं, जिससे मच्छर और बीमारियां फैल रही हैं। नालियों की मरम्मत और स्वच्छता की मांग की गई। सीवर लाइन प्रोजेक्ट में देरी: 250 करोड़ की लागत से नोएडा की कंपनी टेक्नोक्राफ्ट को सौंपी गई सीवर लाइन परियोजना सितंबर 2025 तक पूरी होनी थी, लेकिन अभी तक अधूरी है। डीपीआर में त्रुटियों और कम बजट के कारण 70 किमी सीवर लाइन भी पूरी नहीं हुई। प्रकोष्ठ ने इस कार्य को जल्द पूरा करने की मांग की। पुरानी जेल स्थल पर स्मारक की मांग: विवेकानंद मार्ग पर स्थित ऐतिहासिक जेल की जमीन पर असामाजिक तत्वों का कब्जा है। प्रकोष्ठ ने इस स्थल पर स्वतंत्रता सेनानियों के स्मारक और उनके जीवन वृत्तांत प्रदर्शित करने की मांग की, ताकि यह स्थान प्रेरणा का केंद्र बने। स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को भूखंड: पूर्व कांग्रेस सरकार और हाजी मकसूद अहमद के कार्यकाल में स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को भूखंड आवंटन की स्वीकृति दी गई थी, जिसे लागू करने की मांग की गई। बिजली कटौती की समस्या: बीकेईएसएल कंपनी की मनमानी बिजली कटौती से शहरवासी परेशान हैं। त्योहारों पर भी कटौती ने हालात बदतर किए। प्रकोष्ठ ने नियमित बिजली आपूर्ति की मांग की। ट्रैफिक और सड़क व्यवस्था: चौखूंटी पुलिया के दोनों ओर सड़कों की मरम्मत और करबला के पास अंडरब्रिज निर्माण की मांग की गई। साथ ही, ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन और सड़कों पर पाइंट्स बनाकर व्यवस्था सुधारने की अपील की गई। आवारा पशुओं की समस्या: केईएम रोड, कोटगेट, स्टेशन रोड जैसे क्षेत्रों में आवारा पशु दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। इन पशुओं को शहर से दूर छोड़ने और नंदीशालाओं की स्थिति सुधारने की मांग की गई। शहरी विकास परियोजनाएं: बीडीए बनने के बाद भी पत्थर मंडी, आतिश मार्केट, मिल्कमेन कॉलोनी जैसे प्रोजेक्ट अधूरे हैं। न्यू बीकाणा सिटी के लिए आईजीएनपी कॉलोनी में निर्माण की मांग की गई। प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव मनोज चौधरी और पीसीसी सदस्य व पूर्व महापौर हाजी मकसूद अहमद ने जिला प्रशासन से इन समस्याओं का त्वरित समाधान करने की अपील की है, ताकि बीकानेर की जनता को राहत मिल सके।      

शेयर करें: