बीकानेर में जन समस्याओं को लेकर कांग्रेस का संभागीय आयुक्त को ज्ञापन, भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर.राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग के नेतृत्व में आज बीकानेर में जन समस्याओं को लेकर संभागीय आयुक्त को एक ज्ञापन सौंपा गया। इस अभियान का नेतृत्व प्रदेश सचिव मनोज चौधरी और पूर्व महापौर हाजी मकसूद अहमद ने किया। ज्ञापन में आठ प्रमुख मांगों को उठाया गया, जिसमें सड़कों की खराब स्थिति, यातायात व्यवस्था, बिजली कटौती, और पाइपलाइन मेंटेनेंस जैसे मुद्दे शामिल हैं।

प्रदेश सचिव मनोज चौधरी ने कहा कि बीकानेर में जन समस्याओं का अंबार लगा हुआ है, लेकिन प्रशासन और भजनलाल सरकार इनके समाधान के प्रति गंभीर नहीं है। पूर्व महापौर हाजी मकसूद अहमद ने बताया कि शहर में जगह-जगह टूटी सड़कों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, विशेष रूप से सिविल लाइन क्षेत्र में जाम की स्थिति आम जनता के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन पर ध्यान न देने का आरोप लगाया।
कांग्रेस के महासचिव गजेंद्र सिंह सांखला ने शहर की चरमराई यातायात व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रशासन ने कोई ठोस व्यवस्था नहीं की, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अफसरों पर कार्यालयों में एसी का आनंद लेने और जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।
वरिष्ठ कांग्रेसी अब्दुल मस्जिद खोखर ने बिजली कटौती पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मेंटेनेंस के नाम पर रोजाना 3 घंटे की बिजली कटौती जनता के साथ धोखा है। बिजली विभाग की लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं भी बढ़ रही हैं। वरिष्ठ कांग्रेसी सलीम भाटी ने नई पाइपलाइन डालने के बाद सड़कों की मरम्मत न होने की समस्या को उठाया, जिससे जनता को भारी नुकसान हो रहा है।
ब्लॉक अध्यक्ष सुमित कोचर ने पुरानी जेल रोड पर स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर एक स्मारक बनाने की मांग की। वहीं, ब्लॉक अध्यक्ष शहजाद भुट्टो ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार के आने के बाद ऐसा लगता है कि कोई शासन ही नहीं है। उन्होंने अफसरों पर मनमानी करने और जनता की अनदेखी का आरोप लगाया।
प्रतिनिधि मण्डल में पार्षद प्रफुल्ल हटीला, पूर्व तहसीलदार चंद्राराम कुकणा, जयदीप सिंह जावा, महबूब रंगरेज, विकास रावत, भागीरथ जाखड़, हंसराज बिश्नोई, पार्षद यूनुस अली, जितेंद्र नायक, पार्षद अब्दुल सत्तार, राजेश पुनिया, इस्माइल खिलजी, साजिद कुरैशी, गोपाल जाखड़ सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इन मांगों पर त्वरित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे जनता के हित में सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष तेज करेंगे।