बीकानेर पुलिस की कामयाबी : लॉरेंस गैंग के खूंखार अपराधी गिरफ्तार, बड़ी साजिश नाकाम

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर. बीकानेर पुलिस ने लॉरेंस गैंग के दो कुख्यात अपराधियों को हथियारों सहित धर दबोचकर एक बड़ी आपराधिक साजिश को विफल कर दिया। गिरफ्तार अभियुक्तों, श्रवण सिंह सोडा (निवासी बजजू) और राजेश तरड़ (निवासी खाजूवाला), पर 25,000-25,000 रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने इनके कब्जे से 5 देशी पिस्टल, 12 जिंदा कारतूस और एक मैगजीन बरामद की।
बीकानेर पुलिस गैंग की गतिविधियों पर लंबे समय से नजर रख रही थी। खुफिया जानकारी के आधार पर पता चला कि लॉरेंस गैंग के सदस्य शहर में बड़ी वारदात की योजना बना रहे थे। इस सूचना पर आईजीपी हेमंत शर्मा और एसपी कवींद्र सिंह सागर के नेतृत्व में एक विशेष टास्क फोर्स गठित की गई। इस टीम में सौरभ तिवारी (एडिशनल एसपी सिटी), विशाल जांगिड़ (एएसपी सीओ सदर), साइबर सेल प्रभारी दीपक यादव और थानाधिकारी एमपी नगर शामिल थे। बीती रात एक सटीक ऑपरेशन में दोनों अभियुक्तों को हिरासत में लिया गया और कड़ी पूछताछ के बाद हथियार बरामद किए गए। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से शहर में एक बड़ी वारदात टल गई।