विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर. अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के युवा अध्यक्ष तथा जीतो के उपाध्यक्ष मुदित खजांची ने शहर के उभरते क्रिकेट मैदान एमएम ग्राउंड को खिलाड़ियों के लिए निःशुल्क घास कटाई मशीन प्रदान की। यह मशीन मैदान की देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उप जिला शिक्षा अधिकारी (शारीरिक शिक्षा) अनिल बोड़ा और एमएम स्कूल के प्राचार्य दीपक मिश्रा की उपस्थिति में क्रिकेट कोच गौरव पुरोहित को यह मशीन भेंट की गई। इस अवसर पर बोड़ा और प्राचार्य ने मुदित खजांची का माल्यार्पण कर सम्मान किया, जबकि उपस्थित बच्चों ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।

अनिल बोड़ा ने बताया कि शाला क्रीड़ा संगम नंबर-4 में शिक्षा विभाग के शारीरिक शिक्षक एवं कोच गौरव पुरोहित प्रतिदिन बच्चों को निःशुल्क क्रिकेट प्रशिक्षण देते हैं। इसके फलस्वरूप पिछले तीन वर्षों से एमएम स्कूल की अंडर-17 टीम जिला स्तर पर लगातार विजेता बनी हुई है। इस वर्ष लंबे अंतराल के बाद बीकानेर की टीम ने कोच गौरव के मार्गदर्शन में राज्य स्तर पर सिल्वर मेडल हासिल किया। पिछले कुछ वर्षों में इस मैदान से एक दर्जन से अधिक बच्चे राजस्थान की विभिन्न टीमों में क्रिकेट एवं अन्य खेलों के लिए चयनित हो चुके हैं।

कार्यक्रम में बोड़ा ने बच्चों को स्टांस, स्पिन-पेस बॉलिंग और कीपिंग जैसे क्रिकेट के तकनीकी पहलुओं पर संवाद किया। मुदित खजांची ने खिलाड़ियों को खेल और पढ़ाई में संतुलन बनाए रखने, पूर्ण एकाग्रता के साथ प्रयास करने तथा खेल को खेल की भावना से खेलने की सलाह दी। उन्होंने सभी बच्चों का मुंह मीठा कराया और अच्छे खान-पान के महत्व पर जोर दिया।

मुदित खजांची ने कोच गौरव पुरोहित एवं शिक्षा विभाग को आश्वासन दिया कि जल्द ही भामाशाह के रूप में खजांची ग्रुप की ओर से बीकानेर पश्चिम शहरी परकोटे में तेजी से विकसित हो रहे एमएम ग्राउंड को और अधिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा।












