विनय एक्सप्रेस

The Vinay Express Newsroom • Quality Broadsheet

Breaking News

नोखा में आयकर विभाग द्वारा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन

विनय थानवी||अपडेट: 8 जून 2026|2 मिनट पढ़ें
नोखा में आयकर विभाग द्वारा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन
विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर. आयकर विभाग, नोखा द्वारा संयुक्त आयकर आयुक्त, रेंज-1 बीकानेर श्री कंचना राम मीना के निर्देशन में आज आयकर कार्यालय नोखा में एक आउटरीच कार्यक्रम के तहत विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में नोखा कर सलाहकार संघ के सदस्यों, शहर के प्रमुख व्यवसायियों तथा ई-मित्र संचालकों ने सक्रिय भागीदारी की। कार्यशाला के मुख्य वक्ता संयुक्त आयकर आयुक्त श्री कंचना राम मीना, आयकर अधिकारी (आईटीओ) नोखा श्री ललित कुमार छाबड़ा तथा इंस्पेक्टर श्री हनुमान प्रिय जैन रहे। मंच संचालन की जिम्मेदारी श्री नारायण बच्छ और श्री नवरतन तिवाड़ी ने संभाली। कार्यक्रम में करदाताओं को कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विशेष रूप से **म्यूल बैंक खातों** (अपने बैंक खातों को किराए पर देने) के दुरुपयोग से होने वाले गंभीर नुकसान, स्व-निधारण कर के बजाय अग्रिम कर जमा करने के लाभ, पैन कार्ड में डुप्लीकेशन की गलतियों से बचने के उपाय, टीडीएस कटौती तथा आयकर रिटर्न में गलत आय, छूट या कटौती दर्शाने पर लगने वाली पेनल्टी व ब्याज तथा फर्जी राजनीतिक चंदे की रसीदों के आधार पर धारा 80जीजीसी के तहत बोगस रिफंड प्राप्त करने के प्रयासों के खिलाफ आयकर विभाग द्वारा की जाने वाली सख्त कार्रवाई आदि विषयों पर प्रकाश डाला गया। कार्यशाला के समापन पर टैक्स बार संघ के सदस्यों तथा श्री अनिल जैन और श्री रामस्वरूप धारणिया ने संयुक्त आयकर आयुक्त श्री कंचना राम मीना एवं आईटीओ नोखा श्री ललित कुमार छाबड़ा का आभार व्यक्त किया। आयकर विभाग के इस प्रयास की स्थानीय व्यापारिक एवं कर सलाहकार समुदाय ने सराहना की है। विभाग का उद्देश्य करदाताओं में जागरूकता बढ़ाकर कर अनुपालन को सरल एवं पारदर्शी बनाना है।

शेयर करें: