विनय एक्सप्रेस

The Vinay Express Newsroom • Quality Broadsheet

News

बीकानेर की छात्रा 'रिषिका बिश्नोई' की बड़ी उपलब्धि, प्रधानमंत्री के समक्ष रखेंगी विकसित भारत का विज़न

विनय थानवी||अपडेट: 8 जून 2026|2 मिनट पढ़ें
बीकानेर की छात्रा 'रिषिका बिश्नोई' की बड़ी उपलब्धि, प्रधानमंत्री के समक्ष रखेंगी विकसित भारत का विज़न
विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर मात्र 18 वर्ष की आयु में बीकानेर की बेटी "रिषिका बिश्नोई", पुत्री श्री राजाराम बिश्नोई, नोखा, ने राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होकर जिले और प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित प्रतिष्ठित “विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद 2026” के लिए रिषिका का चयन हुआ है। देशभर के लगभग 40 लाख प्रतिभागियों में से चयनित होकर रिषिका बिश्नोई ने राजस्थान राज्य से अपने ट्रैक में टॉप–3 प्रतिभागियों में स्थान प्राप्त किया है। वे बीकानेर जिले से चयनित एकमात्र प्रतिभागी हैं, जिससे यह उपलब्धि और भी विशेष बन जाती है। राष्ट्रीय स्तर का यह कार्यक्रम 9 से 12 जनवरी 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा, जहां देशभर से चयनित युवा नेतृत्वकर्ता विकसित भारत @2047 की परिकल्पना पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। इस कार्यक्रम में रिषिका को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं देश के वरिष्ठ नीति-निर्माताओं के समक्ष अपने विचार रखने का गौरवपूर्ण अवसर प्राप्त होगा। रिषिका बिश्नोई का विषय “परंपरा के साथ नवाचार: आधुनिक भारत का निर्माण” है। अपने प्रस्तुतीकरण में वे भारत की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक ज्ञान और मूल्यों को आधुनिक तकनीक, नवाचार और आत्मनिर्भरता के साथ जोड़कर एक सशक्त एवं विकसित भारत की दृष्टि प्रस्तुत करेंगी। रिषिका की इस उल्लेखनीय सफलता पर ज्ञान विधि महाविद्यालय, बीकानेर, शिक्षकों, परिजनों एवं शहर के गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे बीकानेर की युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया है।

शेयर करें: