विनय एक्सप्रेस

The Vinay Express Newsroom • Quality Broadsheet

News

तिरुपति अपार्टमेंट्स में निवासियों की सुरक्षा खतरे में ! प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप

विनय थानवी||अपडेट: 8 जून 2026|2 मिनट पढ़ें
तिरुपति अपार्टमेंट्स में निवासियों की सुरक्षा खतरे में !  प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप
विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर.खाखी बाबा बिल्डकॉन द्वारा निर्मित तिरुपति अपार्टमेंट्स, जो अभा पैलेस के पास स्थित है, में निवासियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अपार्टमेंट के बेसमेंट पार्किंग में पानी का जमाव, सीवरेज और वर्षा जल का संग्रहण, तथा नमकीन पानी के कारण संरचनाओं का क्षरण निवासियों के लिए बड़ा खतरा बन गया है। लगभग 160 परिवार इससे प्रभावित हैं, और निवासियों का कहना है कि प्रबंधन उनकी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। निवासियों के अनुसार, अपार्टमेंट में कई खामियां हैं। पार्किंग क्षेत्र कच्चा है, बेसमेंट पार्किंग में पानी का भंडारण हो रहा है, जहां सीवरेज का पानी और वर्षा जल इकट्ठा होता है। इसके अलावा, रेरा (RERA) नियमों के अनुसार कोई जल संचयन प्रणाली नहीं है। नमकीन पानी के कारण खंभे गल रहे हैं, जिससे अंडरग्राउंड पार्किंग की मजबूती पर सवाल उठ रहे हैं। निवासियों ने बताया कि इससे उनकी सुरक्षा खतरे में है और वे रोजाना परेशानियां झेल रहे हैं। प्रबंधन के सदस्यों प्रदीप मोहता और नरेंद्र राठी को कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। निवासियों का कहना है कि "कानो में जूं तक नहीं रेंग रही"। इस मुद्दे पर कड़ा विरोध जताते हुए कई निवासियों ने अपनी आवाज बुलंद की है, जिनमें श्याम जी राठी, दिनेश पांडिया, अरविंद व्यास, रितेश मिश्रा, भूराई दास जी, राजेश डागा, शिव शंकर, खेत सिंह जी, अमित जी पेडीवाल, नंद किशोर कोठारी, सुरेंद्र और कमल बहेटी शामिल हैं। निवासियों ने मांग की है कि प्रबंधन तत्काल कार्रवाई करे और समस्याओं का समाधान निकाले, अन्यथा वे आगे की कानूनी कार्रवाई करने को मजबूर होंगे। स्थानीय प्रशासन से भी इस मामले में हस्तक्षेप की अपील की गई है। फिलहाल, प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

 

शेयर करें: