कॉनिस्टेबल और हैड कॉनिस्टेबल 1.50 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

विनय एक्सप्रेस समाचार,जयपुर/डूंगरपुर. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने डूंगरपुर जिले के पुलिस थाना दोवडा में तैनात दो पुलिसकर्मियों प्रकाश चन्द्र पटेल (कॉनिस्टेबल) और अशोक कुमार पाटीदार (हैड कॉनिस्टेबल) को 1.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर डूंगरपुर इकाई ने यह कार्रवाई की। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एक शिकायतकर्ता ने 18 जनवरी 2026 को नयागांव के इंडियन पेट्रोल पंप के पास खड़े होने पर पुलिस की एक गाड़ी द्वारा रोके जाने की घटना बताई। पुलिसकर्मियों ने शिकायतकर्ता से निलेश पाटीदार (पिता केवजी पाटीदार, निवासी नयागांव) के घर का पता पूछा। पता न बताने पर उन्होंने शिकायतकर्ता का मोबाइल जब्त कर लिया और आरोप लगाया कि वह लोकेंटो जैसे ऑनलाइन गेम खेलकर लोगों से ठगी करता है। मोबाइल में लेन-देन के प्रमाण होने का दावा करते हुए उन्हें गाड़ी में बैठाकर थाना दोवडा ले गए।

रास्ते में आरोपी प्रकाश चन्द्र पटेल ने खुद को परिचित कराया और कहा कि थाने में सीआई भी पाटीदार हैं। वे मुकदमा दर्ज नहीं होने देंगे और मोबाइल वापस कर देंगे, लेकिन इसके बदले दो लाख रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता को वागदरी में उतार दिया गया और अपना मोबाइल नंबर देकर थाने पर रिश्वत लेकर आने को कहा।

शिकायतकर्ता ने अपने बड़े भाई को बताया, जिन्होंने 20 और 24 जनवरी को आरोपी से मोबाइल पर बात की, लेकिन आरोपी ने थाने पर मिलने को कहा। एसीबी ने 28 जनवरी को रिश्वत मांग की पुष्टि के बाद ट्रैप लगाया। आरोपी प्रकाश चन्द्र पटेल और अशोक कुमार पाटीदार ने शिकायतकर्ता से 1.50 लाख रुपये लेने पर सहमति जताई और राशि लेते हुए पकड़े गए।

कार्रवाई एसीबी डूंगरपुर के पुलिस उप अधीक्षक रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में की गई, जबकि उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह और महानिरीक्षक राजेश सिंह के पर्यवेक्षण में थी। आरोपी से पूछताछ जारी है। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।