विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर. बीकानेर के युवा विपणन विशेषज्ञ अखिल पुरोहित ने जर्मनी की प्रतिष्ठित प्रौद्योगिकी कंपनी नेमेट्शेक समूह (म्यूनिख) में उत्पाद विपणन प्रबंधक एवं रणनीतिक खाता प्रबंधन के वरिष्ठ पद पर नियुक्ति हासिल की है। कंपनी ने उन्हें लगभग 1.10 लाख यूरो (करीब सवा करोड़ रुपये) का वार्षिक वेतन पैकेज ऑफर किया है, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है।
वे जल्द ही इस नई जिम्मेदारी में जॉइन करेंगे। इससे पहले अखिल ऑटोडेस्क में एंटरप्राइज अकाउंट बेस्ड मार्केटिंग मैनेजर के पद पर कार्यरत थे, जहां उन्होंने यूरोप के प्रमुख उद्योगों जैसे रेल, सड़क, बुनियादी ढांचा और जल प्रबंधन क्षेत्र में काम किया।
अखिल अब तक 84 देशों की यात्रा कर चुके हैं, जिसमें व्यक्तिगत और पेशेवर दोनों दौरे शामिल हैं। बीकानेर से निकलकर उन्होंने विभिन्न संस्कृतियों और अंतरराष्ट्रीय बाजारों की गहरी समझ विकसित की है।
वर्तमान में म्यूनिख, जर्मनी में रहने वाले अखिल मूल रूप से बीकानेर के निवासी हैं। उनके पिता राजकीय डूंगर महाविद्यालय के प्राचार्य तथा माता वहीं इतिहास की प्रोफेसर हैं।
बीकानेर ने मुझे जड़ें दीं और दुनिया ने मुझे पंख। 84 देशों की यात्रा से पता चलता है कि प्रतिभा की कोई सीमा नहीं। राजस्थान के युवा मेहनत और बड़े सपनों से दुनिया के किसी भी मंच तक पहुंच सकते हैं – अखिल पुरोहित













