

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर. शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में तिलक नगर क्षेत्र में आयोजित नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ आज अत्यंत भव्य और उत्साहपूर्ण कलश यात्रा के साथ हुआ। वृद्ध हनुमान मंदिर से शुरू हुई यह यात्रा भक्तिमय माहौल में आगे बढ़ी, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।

यात्रा की शुरुआत वृद्ध हनुमान मंदिर से विधि-विधान पूर्वक कलश पूजन के साथ हुई। माताएं-बहनें सिर पर 108 कलश धारण कर “युग निर्माण जय घोष” के उद्घोष के साथ जन-जागरण गीत गाते हुए चल रही थीं। यात्रा भक्त वत्सल हनुमान मंदिर पहुंची, जहां विश्व कल्याण की प्रार्थना की गई।
यात्रा में लक्ष्मी, सरस्वती और मां दुर्गा की जीवंत झांकियां आकर्षण का मुख्य केंद्र बनीं। पुरुष कार्यकर्ता विचार क्रांति अभियान की पताकाएं लिए युग निर्माण के संदेश का प्रचार करते नजर आए। लगभग 200 श्रद्धालुओं ने उत्साह से भाग लिया। मार्ग में कई स्थानों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया और लोगों को यज्ञ में शामिल होने के लिए आमंत्रण पत्र भी वितरित किए गए।
शांतिकुंज हरिद्वार से आई टोली में गोपाल स्वामी जी, वीरू सिंह जी, दाऊजी और सुल्तानराम जी ने मंच संचालन किया। यज्ञ आचार्य गोपाल स्वामी ने कहा कि गायत्री महायज्ञ के माध्यम से समाज में सद्भाव, संस्कार और सकारात्मक विचारों का प्रसार होता है, जो युग निर्माण का आधार है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में करणीदान चौधरी, प्रवीण कुमार ओझा, डॉ. सोनाली सक्सेना, राधेश्याम नामा, इंजीनियर अमर सिंह वर्मा, मदनदान चारण, बलदेव सिंह राघव, जगजीत सिंह, सरला चौधरी, माया देवी ओझा सहित कई कार्यकर्ताओं का योगदान रहा। मदनदान चारण, मधु चौधरी, सरला चौधरी और अलसीदान चारण ने विशेष प्रयास किए।
आज शाम को प्रज्ञा पुराण कथा का वाचन गोपाल जी द्वारा किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समय शाम 5 बजे के बजाय 4 से 6 बजे निर्धारित किया गया है। आयोजकों ने सभी से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया है।
यह महायज्ञ 13 से 16 मार्च तक चलेगा, जिसमें धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रहेगी।












