विनय एक्सप्रेस

The Vinay Express Newsroom • Quality Broadsheet

Breaking News

बार एसोसिएशन अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित के नेतृत्व में सौंपा 195वां ज्ञापन

विनय थानवी||अपडेट: 8 जून 2026|2 मिनट पढ़ें
बार एसोसिएशन अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित के नेतृत्व में सौंपा 195वां ज्ञापन

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर। बीकानेर में राजस्थान उच्च न्यायालय की खंडपीठ स्थापना की मांग को लेकर बार एसोसिएशन ने एक बार फिर सक्रिय कदम उठाया है। 17 मार्च 2026 को बार एसोसिएशन, बीकानेर के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित के नेतृत्व में 195वां ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन माननीय राज्यपाल को जिला कलेक्टर, बीकानेर के माध्यम से तथा मुख्य न्यायाधीश, राजस्थान उच्च न्यायालय को जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बीकानेर के माध्यम से प्रेषित किया गया।

ज्ञापन में बीकानेर में खंडपीठ स्थापित करने की पुरजोर मांग की गई है। बताया गया कि जोधपुर स्थित उच्च न्यायालय की दूरी के कारण आमजन को न्याय प्राप्त करने में बहुत कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। जोधपुर उच्च न्यायालय में लंबित और विचाराधीन अधिकांश मामले बीकानेर संभाग तथा आसपास के जिलों से संबंधित होते हैं, जिससे यह मांग और भी आवश्यक हो जाती है।

इसके अलावा न्यायालय परिसर की कई समस्याओं पर भी ध्यान दिलाया गया। पुराने न्यायालय परिसर में पार्किंग स्थल की अव्यवस्था, कचरा जमा होना और अतिक्रमण की समस्या बनी हुई है। बीएसएनएल कार्यालय तथा स्टाम्प विक्रेताओं के पास स्थित शौचालय जर्जर हालत में हैं। लगभग तीन महीने पहले जिला प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। बार एसोसिएशन ने शीघ्र पार्किंग व्यवस्था सुधारने, सफाई कराने, अतिक्रमण हटाने और शौचालयों की मरम्मत सुनिश्चित करने की मांग की है।

इस अवसर पर बार अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित, उपाध्यक्ष लेखराम धत्तरवाल, रक्षपाल बिश्नोई, धर्मेन्द्र वर्मा, मनीष गौड़, सहायक सचिव मुखराम कुकणा, सुखदेव व्यास सहित वरिष्ठ अधिवक्ता नारायण चौपड़ा, सुरेंद्रपाल शर्मा, भंवर बिश्नोई, मनीराम विष्णोई, सकिना बानो, ताराचंद उपाध्याय, रामनिवास विष्णोई, षगुन अग्रवाल और दिव्या सोढ़ा आदि उपस्थित रहे।

शेयर करें: