नहरबंदी के बाद राहत की खबर : जलाशयों में फिर पहुंचेगा पानी, जिला कलेक्टर जैन ने शोभासर जलाशय का किया निरीक्षण

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर। बीकानेर शहर के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। नहरबंदी के चलते पिछले दिनों पेयजल व्यवस्था प्रभावित रही, लेकिन अब शोभासर और बीछवाल जलाशयों में दोबारा पानी की आवक शुरू होने जा रही है।

सोमवार सुबह जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन ने शोभासर जलाशय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जलदाय विभाग के अधिकारियों से जलापूर्ति की स्थिति और आगामी व्यवस्था को लेकर जानकारी ली।

जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री राजेश पुरोहित ने बताया कि बीछवाल जलाशय में सोमवार देर रात तक पानी पहुंचने की संभावना है, जबकि शोभासर जलाशय में परसों सुबह तक पानी पहुंच जाएगा। फिलहाल विभाग डेड स्टॉक के जरिए शहर में पेयजल सप्लाई बनाए हुए है, ताकि आमजन को परेशानी न हो।

अधिकारियों के अनुसार आगामी दो दिनों तक जलापूर्ति सुचारु रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। साथ ही आईजीएनपी अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानी की सप्लाई में किसी प्रकार की बाधा नहीं आए और आमजन को समय पर पेयजल उपलब्ध कराया जाए।