डॉ. सोनी, राठौड़ एवं डॉ. डुकवाल को अर्पित होगा प्रज्ञा सम्मान-2026, राज्य स्तरीय तीसरा लक्ष्मीनारायण प्रज्ञा-सम्मान 22 को

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर.प्रज्ञालय संस्थान एवं श्रीमती कमला देवी-लक्ष्मीनारायण रंगा ट्रस्ट के साझा आयोजन के तहत आगामी 22 मई, 2026 शुक्रवार को शाम 6 बजे नागरी भण्डार स्थित नरेन्द्र सिंह ऑडिटोरियम में तीसरा राज्य स्तरीय लक्ष्मीनारायण रंगा प्रज्ञा सम्मान समारोह-2026 आयोजित होगा।

कार्यक्रम के संयोजक वरिष्ठ साहित्यकार कमल रंगा ने बताया कि देश के ख्यातनाम साहित्यकार, रंगकर्मी, चिंतक, अनुवादक एवं शिक्षाविद् कीर्तिशेष लक्ष्मीनारायण रंगा की पावन स्मृति में आयोजित ‘सृजन सौरम-हमारे बाऊजी’ आयोजन की श्रृंखला में उक्त समारोह के मुख्य अतिथि राजूवास, बीकानेर के कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास होंगे।

संस्था के प्रतिनिधि वरिष्ठ शिक्षाविद् राजेश रंगा ने बताया कि तीसरा राज्य स्तरीय लक्ष्मीनारायण रंगा प्रज्ञा सम्मान साहित्य के क्षेत्र में राजस्थानी-हिन्दी में अपना विशिष्ट योगदान देने वाले वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. सत्यनारायण सोनी परलीका हनुमानगढ़ को प्रदत्त होगा। इसी क्रम में शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान करने वाली प्रतिभा वरिष्ठ शिक्षाविद् कृषि विश्वविद्यालय कोटा की कुलगुरु डॉ. विमला डुकवाल को उक्त प्रज्ञा सम्मान अर्पित होगा। वहीं रंगकर्म के क्षेत्र में यह सम्मान अपनी उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले वरिष्ठ रंगकर्मी एवं फिल्म अभिनेता विजय सिंह राठौड़ को प्रदत्त किया जाएगा।

संस्था के प्रतिनिधि वरिष्ठ शायर क़ासिम बीकानेरी एवं गिरिराज पारीक ने बताया कि पूर्व में प्रज्ञालय संस्थान द्वारा यह सम्मान साहित्य, शिक्षा एवं रंगकर्म के क्षेत्र मंे डॉ. भरत ओळा, श्याम जांगिड़, डॉ. उमाकांत गुप्त, डॉ. मदन सैनी, प्रदीप भटनागर एवं रामसहाय हर्ष को अर्पित किया जा चुका है।

वरिष्ठ शिक्षाविद् हरिनारायण आचार्य ने बताया कि लक्ष्मीनारायण रंगा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर बतौर मुख्य वक्ता अपनी बात वरिष्ठ कथाकार-व्यंग्यकार बुलाकी शर्मा रखेंगे।