निगम क्षेत्र की सड़कें बेहाल, भाजपा कर रही पीडब्ल्यूडी के खिलाफ प्रदर्शन : कांग्रेस महासचिव आनंद जोशी ने कहा, पोस्टर वार से बाहर निकले भाजपा

विनय एक्सप्रैस समाचार, बीकानेर। शहर कांग्रेस महासचिव आनंद कुमार जोशी ने शहर भाजपा अध्यक्ष के नेतृत्व में बुधवार 27.10.2021 को पीडब्ल्यूडी ऑफिस में किए गए प्रदर्शन से जनता को मूर्ख बनाने और मीडिया के माध्यम से सुर्खियां बटोरने का जरिया बताया है। जोशी ने कहा कि भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़कों की दुरूस्तीकरण का जो मांग पत्र पीडब्ल्यूडी को सौंपा है, उसमें सिर्फ एक सड़क पीडब्ल्यूडी से संबंधित है, जो कि गोकुल सर्किल से मुरलीधर व्यास काॅलोनी की ओर जाती है। इस सड़क के साइड ब्लाॅक लगाने की मांग पीडब्ल्यूडी से संबंधित है। शेष सभी नगर विकास न्यास अथवा नगर निगम से संबंधित हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पार्षदों द्वारा किया गए प्रदर्शन का क्षेत्र भी पीडब्ल्यूडी का नहीं है। ऐसे में भाजपा द्वारा शहर की भोलीभाली जनता को प्रदर्शन के माध्यम से गुमराह किया जा रहा है।
जोशी ने कहा कि शहर में सड़कों के लिए पीडब्ल्यूडी द्वारा 7 करोड़ रुपये का कार्य करवाया जा रहा है। इस राशि से 36 सड़कों का कार्य होना है, जिनमें से 8 सड़कों का कार्य हो भी चुका है। शेष कार्य भी प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रत्येक विधायक को उनके विधानसभा क्षेत्र में सड़क दुरूस्तीकरण के लिए पांच-पांच करोड़ रुपये दिए गए हैं। जिसके तहत 15 नाॅन पेचेबल सड़कों तथा 11 मिसिंग लिंक का काम चल रहा है। अन्य 17 सड़कों के कार्य टेंडर प्रक्रियाधीन हैं। उन्होंने बताया कि शहर से निकलने वाले मुख्य मार्ग उरमूल सर्किल से करमीसर फांटा व दूसरी ओर गोगागेट से उदयरामसर फांटा तक की सड़क के लिए 15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि पीडब्ल्यूडी द्वारा शहरी क्षेत्र की सड़कों के पेचवर्क के कार्य प्रारम्भ कर दिए गए हैं। प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत भी सड़कों से संबंधित समस्याओं का समाधान हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज शहर में निगम क्षेत्र की सड़कें सर्वाधिक क्षतिग्रस्त हैं, जो कि भाजपा बोर्ड और महापौर की विफलता है। उन्हेांने भाजपा नेताओं का आह्वान करते हुए कहा कि निगम क्षेत्र की सड़कों की दुरूस्ती की आवाज उठाएं। जोशी ने कहा कि आज शहर में पूर्ण बहुमत की भाजपा की सरकार है, लेकिन शहरी क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। भाजपा के नेता पोस्टर वार से बाहर आएं और जनता के हक की आवाज बुलंद करें। उन्होंने कहा कि अब जनता सभी कुछ समझती है और भाजपा की इस ओछी राजनीति और पब्लिसिटी स्टंट के जाल में फंसने वाली नहीं है।