नहीं सहेगा राजस्थान अभियान: कांग्रेस सरकार की नीतियों के विरोध में ओबीसी मोर्चा व किसान मोर्चा का हल्ला बोल प्रदर्शन

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर। कांग्रेस सरकार की नीतियों के विरोध में भाजपा ओबीसी मोर्चा जयपुर शहर व भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारियों व कार्यकर्त्ताओं ने नहीं सहेगा राजस्थान अभियान के तहत विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ कार्यकर्त्ताओं ने महात्मा ज्योतिबा फूले प्रतिमा सर्किल, मुहाना मंडी पर जमकर नारेबाजी की। प्रदेश में युवाओं के लिए रोजगार, किसानों की कर्ज माफी, महंगे पेट्रोल-डीजल, बेलगाम खनन और बजरी माफियाओं के आतंक, दलितों व महिलाओं पर अत्याचार के विरुद्ध भाजपा ओबीसी मोर्चा, जयपुर शहर व भाजपा किसान मोर्चा द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। भाजपा ओबीसी मोर्चा व किसान मोर्चा द्वारा 1 अगस्त 23 को सचिवालय महाघेराव को लेकर मुहाना मं‍डी के व्याापारियों से जनसम्पर्क भी किया।

भाजपा ओबीसी मोर्चा, जयपुर शहर के जिलाध्यक्ष चेतन कुमावत ने कहा कि कांग्रेस सरकार के जंगलराज, भ्रष्टाचार, कुशासन के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी की ओर से राज्यव्यापी ”नहीं सहेगा राजस्थान अभियान” चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकार की नाकामियों को आम जनता के सामने लाना व किसान भाइयों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों का बोलबाला इस कदर बढ़ गया कि अपराधी बेखौफ होकर सरेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन प्रदेश की बिगड़ी कानून व्यवस्था के चलते अपराध पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। किसानों का कर्जा 10 दिन में माफ करने की घोषणा कर सरकार सत्ता में आई थी, लेकिन प्रदेश के किसान आज भी बैंकों के चक्कर लगाने को मजबूर हो रहे हैं।
किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष बिरधी चंद ने कहा कि सरकार के अपने ही लोग भ्रष्टाचार में इस कदर डूब गए कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री महेन्द्र यादव ने कहा कि एक तरफ तो राज्य सरकार अभियान चलाकर अपनी उपलब्धियां गिना रही है। वहीं दूसरी ओर रेप, मर्डर, सरेआम फायरिंग की घटनाओं को सरकार रोकने में पूरी तरह से विफल रही है। ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश सैनी ने कहा कि सरकार की विफलता के चलते प्रदेश की जनता को भय के साए में जीना पड़ रहा है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार के शासन में गरीब, किसान व युवाओं के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
इस अवसर पर ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री महेंद्र यादव, उपाध्यक्ष दिनेश सैनी, जिलाध्यक्ष चेतन कुमावत, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष बिरदी चंद, ओबीसी मोर्चा जयपुर शहर के महामंत्री महेंद्र सिंह पंवार, महेश सैनी, जिला कार्यक्रम संयोजक पीयूष कुमावत व ओबीसी मोर्चा तथा किसान मोर्चा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।