बीकानेर रेल मंडल पर हर्षोल्लास से मनाया गया 78 वां स्वतंत्रता दिवस

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर.उत्तर पश्चिम रेलवे बीकानेर मंडल द्वारा 78 वां स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह बीकानेर के रेलवे स्टेडियम में मनाया गया जिसमें मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक डॉ. आशीष कुमार द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। । राष्ट्रगान के पश्चात मुख्य अतिथि महोदय ने रेलवे सुरक्षा बल, सेंट जॉन एंबुलेंस तथा स्काउट व गाइड की परेड का निरीक्षण किया। स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देकर उपस्थित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने बीकानेर मंडल की प्रगति और विकास पर मंडल के कर्मठ और ऊर्जावान रेल कर्मियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर रेलवे अधिकारियों तथा महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारियों द्वारा तिरंगे गुब्बारे आसमान में छोडे गये। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत रेल कर्मचारियों द्वारा देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई।

इस अवसर पर बीकानेर मंडल के कोलायत स्टेशन पर कार्यरत फुटबाल प्रशिक्षक श्री विक्रम सिंह राजवी को बालिकाओं को खेल में प्रोत्साहित करने के उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक महोदय के साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री रुपेश कुमार, मुख्य परियोजना प्रबंधक (गति शक्ति इकाई) श्री पवन गुरावा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री सुरेंद्र सिंह बारहठ , वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री महेश चंद जेवलिया सहित मंडल के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा उनके परिवारजन, महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारी व ट्रेड यूनियनो के पदाधिकारी सम्मिलित हुए।

ध्वजारोहण समारोह की सफलतापूर्वक आयोजन के लिए मंडल रेल प्रबंधक महोदय द्वारा विभिन्न विभागों एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया। अंत में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री सुरेंद्र सिंह बारहठ ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।

बीकानेर मंडल के विभिन्न स्टेशनों, कार्यालयो, वर्कशॉप, स्वास्थ्य इकाइयों इत्यादि में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।