222 स्कूलों के लिए मनरेगा के तहत स्वीकृत किए लगभग 20 करोड़
विनय एक्सप्रेस समाचार,बीकानेर. जिले के ग्रामीण क्षेत्रों का कोई भी सरकारी स्कूल अब चारदीवारी विहीन नहीं रहेगा। जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि की पहल पर ऐसे सभी स्कूलों का सर्वे करवाया गया है तथा पहले चरण में चारदीवारी विहीन अथवा क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाॅल वाली 222 स्कूलों के लिए मनरेगा के तहत लगभग 20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
जिला कलक्टर एवं मनरेगा की जिला कार्यक्रम समन्वयक नम्रता वृष्णि ने बताया कि सबसे पहले मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी से ऐसे विद्यालयों की सूची मंगवाई गई, जहां चारदीवारी नहीं बनी हुई थी। इसके पश्चात् सभी पंचायतों में ग्राम विकास अधिकारी और कनिष्ठ तकनीकी सहायकों के माध्यम से सर्वे करते हुए इन विद्यालयों के प्रस्ताव प्राप्त किए गए। जिला कलक्टर ने बताया कि पहले चरण में 222 विद्यालयों की स्वीकृतियां जारी कर दी गई हैं। शेष स्वीकृतियां भी प्रस्ताव प्राप्त होने के साथ ही जारी कर दी जाएंगी।
जिला कलक्टर ने बताया कि चारदीवारी निर्माण से विद्यालय परिसर को अतिक्रमण से बचाया जा सकता है। वहीं पौधारोपण को बढ़ावा मिलेगा और यह सुरक्षा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने बताया कि स्वीकृत की गई चारदीवारियों का कार्य निर्धारित समय में पूर्ण करने के लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी द्वारा नियमित माॅनिटरिंग की जाएगी।






