रीको आरटीआई प्रकरण:क्षेत्रीय प्रबंधक को धमकाने का आरोप, पढ़े खबर

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर।अपने खारिज प्लाट की बहाली को लेकर एक परिवादी द्वारा क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय रीको में बार बार सूचना का अधिकार के तहत सूचना मांगने की अपीलें लगवाने के मामले में नया मोड आया है। इसको लेकर परिवादी नारायण दास तुलसानी के अधिवक्ता द्वारा क्षेत्रीय प्रबंधक के विरूद्व कठोर सिविल आपराधिक कार्यवाही की धमकी दी गई है। जिसको लेकर इकाई प्रभारी एस के गर्ग ने परिवादी तुलसानी को नोटिस जारी किया है। जिसमें कार्यालय के कर्मचारियों,अधिकारियों पर अनुचित दबाव बनाने,कार्यालय का समय व्यर्थ व्यतीत करने तथा आमजन के समक्ष रीको की छवि धूमिल करने की बात कही है। साथ ही तुलसानी के अधिवक्ता के नोटिस का जिक्र भी किया है। जिसमें एक लोकसेवक के प्रति तुगलगी फरमान जारी करने,अपने आपको सोशल स्तर पर हीरो साबित करने,तानाशाही रवैया अपनाने एवं अपने आपराधिक कृत्यों पर पर्दा डालने जैसी अपमानजनक टिप्पणियां कर गरिमा को ठेस पहुंचाने की बात भी लिखी है। रीको इकाई प्रभारी एस के गर्ग तुलसानी को अंतिम नोटिस के जरिये चेताया है कि इस प्रकार की कार्यप्रणाली को तुरंत विराम देंवे अन्यथा उनके द्वारा किसी प्रकार के पत्राचार पर कोई कार्रवाई किया जाना संभव नहीं होगा।