विनय एक्सप्रेस

The Vinay Express Newsroom • Quality Broadsheet

Breaking News

कृषि मासिक तकनीकी कार्यशाला आयोजित : रबी फसलों की बुवाई परवान पर-जीरा व ईसबगोल की खेती का रूझान बढ़ा

विनय थानवी||2 मिनट पढ़ें
कृषि मासिक तकनीकी कार्यशाला आयोजित : रबी फसलों की बुवाई परवान पर-जीरा व ईसबगोल की खेती का रूझान बढ़ा

रबी सीजन के मध्य नजर कृषि आदान निरीक्षक अधिकाधिक कृषि आदान के सेम्पल लेवें व अमानक पाए जाने पर वैधानिक कार्यवाही करें :डाॅ शेखावत

 विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर। कृषि अनुसंधान केन्द्र, स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय बीकानेर में आज मासिक तकनीकी कार्यशाला का आयोजन अतिरिक्त निदेशक कृषि विस्तार डॉ सुरेन्द्र सिंह शेखावत व डॉ एस आर यादव क्षेत्रीय अनुसंधान निदेशक व डाॅ जगदेव सिंह संयुक्त निदेशक कृषि चुरू की अध्यक्षता में हुआ। डॉ शेखावत ने बताया कि बीकानेर संभाग में रबी फसलों की बुवाई परवान पर है। जीरा व ईसबगोल की खेती का रूझान तेजी से बढ़ा है वहीं अब तक की बुवाई के आंकाडों में चने का क्षेत्रफल घटा है। रबी बुवाई के अंतिम आंकड़े अगले माह तक पूर्णतः निर्धारित हो जायेगें। रबी सीजन के मध्य नजर कृषि आदान निरीक्षक अधिकाधिक बीज, उर्वरक व पेस्टीसाइड के नमूना लेवें व अमानक पाए जाने पर वैधानिक कार्यवाही करें साथ ही एसएसपी के भी लक्ष्य अनुसार नमूने आहरित करें। एसएसपी एक फाॅस्फोरस युक्त उर्वरक है, जिसमें कि 16 प्रतिशत फाॅस्फोरस एवं 11 प्रतिशत सल्फर की मात्रा पायी जाती है। इसमें उपलब्ध सल्फर के कारण यह उर्वरक तिलहन एवं दलहन फसलों के लिये अन्य उर्वरकों की अपेक्षा अधिक लाभदायक होता है। किसान डीएपी के स्थान पर एसएसपी व यूरिया का प्रयोग कर सकता है यह विकल्प उत्तम है। मासिक तकनीकी कार्यशाला में खण्ड बीकानेर, चुरू व जैसलमेर के कृषि, उधानिकी, आत्मा के वरिष्ठ अधिकारी गण व विश्वविद्यालय के कृषि वैज्ञानिक गणों ने भाग लिया। मासिक तकनीकी कार्यशाला में माह नवम्बर में की गए कृषि क्रियाओं की प्रगति पर समीक्षा की गई। आगामी माह दिसम्बर में कृषकों द्वारा की जाने वाली कृषि व उद्यानिकी तकनीकी पर विस्तार से चर्चा की गई। कृषि वैज्ञानिक अमर सिंह गोदारा ने रबी फसलों की विभिन्न उन्नत किस्में व शष्य क्रियाओं पर विस्तृत व्याख्यान दिया। कृषि वैज्ञानिक बीडीएस नाथावत, डॉ राजेन्द्र राठौड़ ने रबी कीट व्याधि नियंत्रण व सब्जियों की उन्नत खेती पर व्याख्यान दिये। कृषि विभागीय अधिकारी सहायक निदेशक कृषि भैराराम गोदारा, रधुवर दयाल सुथार, सुभाष विश्नोई, राजुराम डोगीवाल, यशवन्ती, रूबीना, कृषि अधिकारी मुकेश गहलोत, ओम तर्ड, महेन्द्र प्रताप, ममता, मीनाक्षी, संगीता, कविता, जोधराज, विजय बलाई, सोमेश तंवर, अब्दुल अमीन इत्यादि ने भाग लिया।

शेयर करें: