विनय एक्सप्रेस

The Vinay Express Newsroom • Quality Broadsheet

Breaking News

किसान पाले से रबी फसलों, सब्जियों व बगीचों के बचाव हेतु करें उपयुक्त उपाय : संयुक्त निदेशक कृषि,  कैलाश चौधरी

विनय थानवी||अपडेट: 16 दिसंबर 2024|2 मिनट पढ़ें
किसान पाले से रबी फसलों, सब्जियों व बगीचों के बचाव हेतु करें उपयुक्त उपाय : संयुक्त निदेशक कृषि,  कैलाश चौधरी
 विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर।संयुक्त निदेशक कृषि कैलाश चौधरी ने बताया की मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में तापमान में गिरावट होने की संभावना के मद्देनजर सरसों, चना, गेहूं, उद्यनिकी सब्जियों व बगीचों में पाले से नुकसान होने की संभावना है। सर्दी के मौसम में जिस दिन दोपहर के पहले ठंडी हवा चल रही हो व हवा का तापमान अत्यंत कम होने लग जाए एवं दोपहर बाद अचानक हवा चलना बंद हो जाए तब पाला पड़ने की संभावना बढ़ जाती है। पाले के कारण पौधों की कोशिकाओं में उपस्थित जल जमने से कोशिका भित्ति फट जाती है, जिससे पौधे की पत्तियां, कोंपले, फूल, फल क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। कृषि अधिकारी उद्यान मुकेश गहलोत ने बताया कि किसान भाई रबी फसलों, सब्जियों व बगीचों को पाले से बचाने हेतु फसल पर पाला पड़ने की संभावना दिखाई देते ही 0.1 प्रतिशत व्यापरिक गंधक के तेजाब का छिड़काव कर सकते हैं। रबी फसलों को पाले से बचाव हेतु थायोसेलिसिलिक अम्ल 100 पीपीएम (0.1एमएल/ली.) अथवा थायोयूरिया 500 पीपीएम (0.5 ग्राम/ली.) अथवा घुलनशील गंधक 0.2 प्रतिशत (2ग्राम/ली.) पानी के घोल का छिड़काव करें। यदि पाला लगातार पड़ रहा हो तो 15 दिन में पुनः छिड़काव करें। पाला पड़ने की संभावना हो तो फसलों में हल्की सिंचाई की सलाह देवें ताकि जमीन का तापमान एकदम से कम न हो। नवस्थापित फलदार बगीचों में पौधों को पाले से बचाने हेतु टाट, बोरी या घासफूस आदि से ढ़ककर या टाटी बनाकर सुरक्षा करें। यह उपाय अपनाकर किसान भाई अपनी फसलों को पाले के नुकसान से बचा सकते हैं।

शेयर करें: